लखीमपुर खीरी: परसेहरा में एक ही रात में दो घरों से लाखों की चोरी, पुलिस ने नहीं दर्ज की रिपोर्ट
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम परसेहरा में एक ही रात में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर नकदी, जेवर सहित लाखों की चोरी कर ली है। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने छानबीन तो शुरू की लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
परसरेहरा गांव में ढाकनलाल के घर में चोर पीछे की दीवार से चढ़कर जीने में लगे लकड़ी के पल्ले की कुंडी तोड़कर घर में घुस गए। जिन्होंने कमरे की अलमारी तोड़कर चार जोड़ी पायल, तीन जोड़ी बिछिया, ब्रेसलेट, सोने के एक जोड़ी झाला, तीन जोड़ी पेंडिंल, कुंडल और अल्मारी में रखे 1500 रुपये नकद, कपड़े आदि उठा ले गए। सुबह जागने पर ढाकनलाल ने कमरे का दरवाजा खुला देखा तो वह दंग रह गए। अलमारी की सेफ टूटी देख उन्हें चोरी की जानकारी हुई।
चोरों ने इसी रात में ही राकेश कुमार के यहां खिड़की का ग्रिल तोड़कर मकान के अंदर प्रवेश कर अल्मारी और बक्सा का ताला तोड़कर पांच जोड़ी पायल, नाक के फूल, सोने की तीन चेन, एक जोड़ी झाला सहित पांच हजार रुपये नकद चोरी कर लिए हैं। दोनों पीड़ितों ने अजान चौकी और हैदराबाद थाना में तहरीर दी है, जानकारी मिलने पर चौकी प्रभारी जेपी यादव ने मौका मुआयना कर दोनों चोरियों का शीघ्र खुलासा करने का आश्वासन दिया है। लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। गांव के लोग बताते हैं कि इससे पहले भी गांव में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस ने अब तक उनका भी खुलासा नहीं किया है।
ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: फूलबेहड़ में पूर्व प्रधान के घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी
