Jalaun News: पारिवारिक भाई ने नाबालिग बहन को नदी में फेंका...मौत, आरोपी का कबूलनामा सुन सब हो गए हैरान
जालौन में पारिवारिक भाई ने नाबालिग बहन को नदी में फेंक दिया
जालौन, अमृत विचार। जालौन में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां परिवार के भाई ने नाबालिग बहन को नदी में धक्का दे दिया। इससे नदी में डूबकर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गोताखोरों की मदद से शव को ढूंढ निकाला। घटना से गांव में तरह-तरह की चर्चा हो रही हैं।
पूरा मामला माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के करमरा गांव का बताया जा रहा है। इसी गांव के रहने वाले युवक के घर के पड़ोस में रहने वाले परिवार के ही नरेश पाल का रोजाना आना-जाना रहता था। शुक्रवार को यहां के निवासी की नाबालिग बेटी गायब हो गई, परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। उधर, परिजनों ने माधौगढ़ थाने में तहरीर दी और नरेश के बेटे शिवकुमार पर नाबालिग को ले जाने का आरोप लगाया।
इधर, पुलिस तक बात पहुंचने पर शिवकुमार गायब हो गया। इससे उस पर शक हो गया और पुलिस ने तलाश शुरू की। रविवार को पुलिस ने शिवकुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने नदी में फेंक कर हत्या करने की बात कबूली।
आरोपी ने यह भी कबूला कि किसी को शक न हो इसलिए वह दो दिन तक मृतका के परिजनों के साथ ढूंढता रहा। आरोपी शिवकुमार ने बताया कि वह रोज मृतका के घर जाता था 11 मई को वह नाबालिग को घूमाने के लिए नदी किनारे ले गया। यहां किसी बात को लेकर आरोपी ने नाबालिग को नदी में धक्का दे दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।
घटनास्थल से आरोपी ने बरामद कराया शव
पुलिस आरोपी शिव कुमार को लेकर घटनास्थल पहुज नदी के किनारे पहुंची, और आरोपी शिवकुमार की निशानदेही पर गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से नाबालिग के शव को नदी से ढूंढ निकाला।
