अयोध्या : पूरे प्रदेश में है बदलाव की लहर : अविनाश पांडेय
लोकसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन ने की समन्वय बैठक
अयोध्या , अमृत विचार : लोकसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन ने रविवार को समन्वय बैठक कर चुनावी रणनीति पर मंथन किया है। बैठक में शामिल हुए प्रदेश प्रभारी उत्तर प्रदेश कांग्रेस अविनाश पांडेय ने कहा कि पूरे प्रदेश में बदलाव की लहर है। उन्होंने कहा कि देश का लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है, यह चुनाव देश की जनता लड़ रही है।
अविनाश पांडेय ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा के खिलाफ लड़ रही है, गठबंधन इसमें अपनी भूमिका निभाते हुए इन सभी बदलाव का मूड बना सके, उनको एक नेतृत्व दे रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद एक नई सोच व जागरूकता आई है।
भाजपा के 400 पार के नारे पर उन्होंने कहा कि यह नारा एक जुमले के रूप में है, 400 पार का नारा देकर भाजपा भारत का संविधान बदलना चाहती है, इस देश में एक धर्म, एक जाति, एक चुनाव, एक पहनावा व एक खानपान करना चाहते हैं, जबकि हमारे देश में हमारी विविधता में ही विशेषता है, भाईचारा ही हमारी सबसे बड़ी पहचान है और इस देश का संविधान विश्व का सबसे सुंदर संविधान है। बैठक में सपा और कांग्रेस के लोग शामिल हुए।
