अयोध्या: मातंगी जयन्ती पर नादोपासना से सराबोर हुआ कालिकुलालय 

कालिकुलालय में साहित्य, संगीत और अध्यात्म का संगम: सीओ

अयोध्या: मातंगी जयन्ती पर नादोपासना से सराबोर हुआ कालिकुलालय 

अयोध्या, अमृत विचार। कालिकुलालय अयोध्या में मातंगी जयन्ती और अक्षय तृतीया के उपलक्ष्य में पाठ पूजन के साथ संगीत- समागम हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी अयोध्या यातायात डॉ राजेश तिवारी ने सभी कलाकारों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि साहित्य- संगीत और अध्यात्म जीवन को स्वस्थ-ऊर्जस्वित करता है। सुचारु गतिशील बनाता है। उन्होंने कहा कालिकुलालय में तीनों का संगम है। राष्ट्रपति पुरस्कृत ओमप्रकाश ब्रह्मचारी ने बतौर अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि अब कालिकुलालय साहित्य और आगमोपासना का मुख्य केन्द्र-पहचान बन गया है। 

इस मौके पर  निखिल, अनूप के स्वस्तिवाचन के बाद वकील गुप्त की शंख-ध्वनि एवं बासुरी ने नादोपासना को गति प्रदान की। हारमोनियमबादक अमन ने अमृत है हरिनाम जगत् में भजन प्रस्तुत किया। नवोदित कलाकार वैभवराम दास ने स्वरचित अयोध्या-रामपरक तथा देवी विषयक परनों को तबले की थाप से निष्पन्न किया। गौरीबाजार देवरिया के प्रेम पुलकित कलाकार वकील मद्धेशिया ने बाँसुरीवादन करके समां बांध दिया। खजरी और घुघुरुओं को बजाते हुए भोजपुरी गीत माई का मेहरबानी जीयत बानी से माहौल भक्तिभाव समृद्ध हो गया। 

अयोध्या मातंगी जयन्ती पर नादोपासना से सराबोर हुआ कालिकुलालय  (1)

रवीन्द्र पाण्डेय ने इतनी शक्ति हमें देना दाता, मन का विश्वास कमजोर हो ना की सुर सरिता में सबको गोता लगवाया तो वहीं सुश्री कौशिकी झा की कई प्रस्तुतियों ने शास्त्रीय संगीत के वातावरण की गम्भीरता का सम्मोहक सृजन किया। नवोदिता असिता शुक्ला के कलकंठ से राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी की विमुग्धकारी प्रस्तुति ने खूब प्रशंसा बटोरी। संयोजक डॉ. रामानन्द शुक्ल ने कहा भारतीय उत्सवों से संस्कृति- साधना का सगुण- साकार रूप मन को सरसता प्रदान करता है। आनंद ही ब्रह्म है.. आनन्दो वै ब्रह्मः। यह वेदवचन है। तंत्रोपासना के क्षेत्र में भगवती मातंगी संगीत की देवी के रूप में प्रतिष्ठित-पूजित हैं।

एसएसवी इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य डॉ मणिशंकर तिवारी तथा महाराजा कालेज के प्रधानाचार्य डाक्टर रामकृष्ण मिश्र, डॉ केशवप्रसाद पाण्डेय, स्वाती शुक्ला, शिप्रा, असिता, अवनीश शुक्ल, हनुमान प्रसाद मिश्र, अनिरुद्ध मिश्र, शिवम् मिश्र, पृथ्वीराज दुबे,सरिता पाण्डेय, सोमेश, राजेश वर्मा,वरुण त्रिपाठी, विभा मिश्रा लखनऊ, श्रीमती विमलेश मिश्र, हरिशंकर मिश्र, विकास पाण्डेय सुलतानपुर, विष्णु, देवप्रकाश मिश्र आदि ने कार्यक्रम के सहभागी बने।

ये भी पढ़ें:- बाराबंकी: असुरक्षित की श्रेणी में 10 बूथ, 1351 बूथाें पर होगी वेबकॉस्टिंग