पीलीभीत: महिला शिक्षामित्र से मांगी 50 लाख रंगदारी, बोला- रुपये नहीं हैं तो फिर मकान कर दो मेरे नाम...वरना वायरल कर दूंगा फोटो-वीडियो
पीलीभीत, अमृत विचार: महिला शिक्षामित्र से करीबियां बढ़ाने के बाद एक युवक ने उसके मोबाइल से कुछ फोटो चोरी से निकाल लिए। इसके बाद फोटो एडिट कर अश्लील बनाकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। परेशान होकर शिक्षामित्र ने पांच लाख रुपये दो बार में दे भी दिए। मगर कुछ समय बाद ही दोबारा ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी गई। स्थानांतरण कराने के बाद भी पीछा नहीं छूटा। रास्ते में रोकर धमकाते हुए आरोपी ने 50 रुपये बतौर रंगदारी मांगे, रुपये न होने पर मकान उसके नाम कराने का दबाव बनाया। ऐसा न करने पर फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अमरिया ब्लॉक क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा मित्र थीं। करीब 10 साल पहले उसकी मुलाकात ग्रीन सिटी कॉलोनी के निवासी महेश कुमार शर्मा से हुई थी। दोनों के बीच अच्छे संबंध हो गए थे। इसी बीच आरोपी ने व्हाट्सएप से पीड़िता के कुछ फोटो निकाल लिए। इन फोटो को एडिट कर अश्लील बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
दस लाख रुपये न देने पर फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। आरोपी की ब्लैकमेलिंग से प्रताड़ित होकर पीड़िता ने अपना स्थानांतरण मरौरी ब्लॉक क्षेत्र में करा लिया। मगर इसकी जानकारी होने के बाद दोबारा परेशान करना शुरू कर दिया। वर्ष 2022 में दो बार में पांच लाख रुपये दे दिए। उस वक्त महेश ने कहा कि फोटो और वीडियो डिलीट कर दिए हैं। कुछ समय तक शांत भी रहा। मगर इसके बाद 50 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी।
जब पीड़िता ने कहा कि इतनी बड़ी रकम कहा से लाएंगे। इस पर आरोपी ने पीड़िता का मकान उसके नाम करने की बात कहना शुरू कर दिया। फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। 16 अप्रैल को आरोपी ने फोन कर 50 लाख रुपये की मांग की। 11 मई की सुबह पांच बजे पोलिटेक्टिनक रेलवे क्रासिंग के पास रास्ते में रोककर धमकाया। जब रुपये का इंतजाम न होने की बात कही तो परिवार समेत हत्या कराने और वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। ये भी बताया कि आरोपी पर पूर्व के भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज की। आरोपी को गिरफ्तार कर मंगलवार को चालान कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: पावर कारपोरेशन के जेई को नहीं पूरनपुर पुलिस से न्याय की उम्मीद, बोले- सत्ता के दबाव में दबाई जा रही कार्रवाई
