काशीपुर: लाखों की खैर की लकड़ी पकड़ी, तस्कर फरार
काशीपुर, अमृत विचार। कुंडा थाना पुलिस व वन विभाग की टीम ने लाखों की कीमती खैर की लकड़ी बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने लकड़ी से भरे वाहन को पकड़ लिया, लेकिन आरोपी पुलिस व वन विभाग को देखकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कुंडा थाना प्रभारी विक्रम राठौर ने बताया कि बीती देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि यूपी से कुछ लोग अवैध खैर की लकड़ियों की तस्करी करने आ रहे हैं। इसके बाद क्षेत्र में गश्त को बढ़ा दिया। उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद ग्राम भरतपुर के पास कैंटर संख्या यूपी 22 बीटी3937 में चालक व तीन अन्य लोग खैर की लकड़ी लेकर आ रहे थे।
वहीं पुलिस को देकर तीनों लोग कैंटर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद कैंटर में रखे खैर के 70 गिल्टे को बरामद किया गया और कैंटर को सीज कर दिया। बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पहले काटे पेड़, जमीन में दबाने के बाद ले जा रहे थे
काशीपुर। तराई पश्चिम वन प्रभाग के एसडीओ संदीप गिरी ने बताया कि आरोपियों ने भरतपुर के पास जमीन में खैर की लकड़ी के गिल्टे दबा दिए थे, इसके बाद ले जाने का प्रयास कर रहे थे। बताया कि आरोपी की तलाश में वन विभाग ने चार टीमें लगाई हैं।
कत्था बनाने के लिए होती है तस्करी
काशीपुर। खैर की लकड़ी की तस्करी आरोपी कत्था बनाने के लिए करते हैं। वन विभाग के एसडीओ संदीप गिरी ने बताया कि लकड़ी के टुकड़ें को उबालकर निकाला और जमाया रस जो पान में चूने के साथ लगाकर खाया जाता है, यह खैर का कत्था कहलाता है। बताया कि यूपी में कई जगह पर कत्था बनाने का काम चलता है।
