मुरादाबाद : लालकुआं पैसेंजर रहेगी रद्द, बदले मार्ग से चलेगी काठगोदाम शताब्दी

मुरादाबाद-बरेली सेक्शन के बीच गुरुवार को सात घंटे बंद रहेगा रेल संचालन

मुरादाबाद : लालकुआं पैसेंजर रहेगी रद्द, बदले मार्ग से चलेगी काठगोदाम शताब्दी

मुरादाबाद, अमृत विचार। रेलवे ने रामपुर स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज हटाने के लिए गुरुवार को पौने सात घंटे का मेगा ब्लॉक लिया है। जिसके चलते मुरादाबाद-बरेली सेक्शन के बीच गुरुवार को रेल संचालन सात घंटे प्रभावित रहेगा। सुबह सात बजे से काम शुरू किया जाएगा। जिसके चलते मुरादाबाद-लालकुंआ पैसेंजर रद्द रहेगी। जबकि नई दिल्ली से काठगोदाम शताब्दी का रूट बदलेगा।

मुरादाबाद रेल मंडल में रेलवे स्टेशनों का ढांचागत सुधार हो रहा है। जिसके चलते रामपुर स्टेशन पर प्लेटफार्म एक और दो को जोड़ने वाला पुराना पुल हटाया जाएगा। पुल हटाने के लिए रेलवे ने मेगा ब्लॉक लिया है। यह काम 16 मई (गुरुवार) को होगा। इसके चलते सुबह सात बजे से पुराने एफओबी को हटाने के चलते रेल संचालन में बदलाव हुआ है। जिसके चलते लालकुआं से मुरादाबाद के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन-05331 का संचालन रद्द रहेगा। इसके अलावा पांच ट्रेनों के समय संचालन में फेरबदल किया गया है। जिसमें जम्मूतवी-कोलकाता (13152) सियालदह एक्सप्रेस 15 मई को जम्मू से चार घंटे की देरी से चलेगी। इसी तरह गुवाहाटी जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन (15652) को भी जम्मू से चार घंटे की देरी से रवाना होगी।

डिब्रूगढ़ जाने वाली अवध आसाम एक्सप्रेस (15910) ट्रेन को भी चार घंटे से रवाना होगी। काठगोदाम-दिल्ली संपर्क क्रांति (15036) ट्रेन ढाई घंटे और रामनगर पैसेंजर (25036) भी रामनगर से ढाई घंटे की देरी से चलेगी। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि रामपुर में एफओबी को हटाने के चलते रेल संचालन में बदलाव किया गया है। नई दिल्ली-काठगोदाम शताब्दी-(12040) का रूट बदला गया है। ट्रेन रामपुर की बजाय कटघर से काशीपुर होकर लालकुंआ से जाएगी।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: मजदूरी मांगने पर दबंगों ने ई रिक्शा चालक को पीटा, मां की भी लाठी डंडे से की पिटाई