अमेठी : जनता से भावनात्मक रिश्ता जोड़ रहीं केएल शर्मा की बेटियां
बच्चियों को देखकर रोने लगी बुजुर्ग महिलाएं, अंजली और दिव्या गांव-गांव कर रहीं प्रचार
अमृत विचार, अमेठी। कांग्रेस प्रत्याशी केएल शर्मा की बेटियां अपने पिता के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए मैदान में हैं। कांग्रेस प्रत्याशी की दोनों बेटियां अमेठी लोकसभा के अलग-अलग विधानसभाओं में जाकर अपने पिता के लिए वोट मांग रही हैं। वोट मांगने के दौरान किशोरी लाल शर्मा की बेटियां भावुक हो रही हैं और जनता भी भावुक हो रही है। कहीं ना कहीं किशोरी लाल की बेटियों द्वारा अमेठी से एक भावनात्मक रिश्ता जोड़ा जा रहा है।
गांधी परिवार के करीबी किशोरी लाल शर्मा अमेठी लोकसभा से चुनाव मैदान में हैं, जबकि भाजपा की तरफ से मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी मैदान में हैं। कांग्रेस प्रत्याशी के लिए प्रियंका गांधी समेत कई बड़े नेता जनसभा कर रहे हैं तो किशोरी लाल शर्मा की दोनों बेटियां दिव्या और अंजली शर्मा भी लगातार गांव गांव जाकर प्रचार प्रसार करने में जुटी हुई हैं। कांग्रेस प्रत्याशी की बड़ी बेटी दिव्या शर्मा अमेठी विधानसभा के बड़गांव में चौपाल को संबोधित किया।
यहां वो भावुक हो गईं। कुछ इसी तरह की तस्वीरें लाला का पुरवा गांव में भी देखने को मिली। यहां दिव्या से बात करने के बाद एक बुजुर्ग ग्रामीण फूट फूट कर रोने लगा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। किशोरी लाल शर्मा की दूसरी बेटी अंजली शर्मा भी गांव-गांव जाकर प्रचार करने में जुटी हैं। किशोरी लाल शर्मा की पत्नी भी गांव गांव प्रचार करने में जुटी हैं। इस तरह से किशोरी लाल शर्मा का पूरा परिवार प्रचार करने में जुटा हुआ है।
