Bareilly News: बर्फ के गोले के लिए जिद कर बैठे बच्चे, गरीब बाप की चली गई जान
फतेहगंज पश्चिमी, अमृत विचार। एक गरीब बाप अपने बच्चों की बर्फ के गोले के लिए जिद की वजह से जान गंवा बैठा। जेब में पैसे कम होने की वजह से वह 10 रुपये का बर्फ का गोला पांच रुपये में मांग रहा था लेकिन कड़ी धूप में घर से ठेला खींचते हुए कई किलोमीटर दूर गांव में पहुंचा बर्फ के गोले वाला इसके लिए तैयार नहीं हुआ। कहासुनी में ही बात इतनी बढ़ी कि बर्फ के गोले वाले ने सूजा घोंपकर बच्चों के सामने ही उनके पिता की हत्या कर दी।
ठेले पर बर्फ का गोला बेचने वाला फतेहगंज पश्चिमी के मोहल्ला ठाकुरद्वारा निवासी शेरसिंह बुधवार दोपहर कस्बे से करीब पांच किलोमीटर दूर गांव माधोपुर में ठेला लेकर गया था। माधोपुर में संजू कश्यप के घर के पास ठेला रोककर उसने बर्फ का गोला बेचना शुरू किया।
मजदूरी करने वाले संजू के पड़ोस के कुछ बच्चों ने बर्फ का गोला खरीदा तो उसकी तीन बेटियां भी बर्फ खाने की जिद करने लगीं। संजू उन्हें बर्फ का गोला दिलाने ठेले पर पहुंचा तो पता चला कि एक गोला 10 रुपये का है। उसकी जेब में इतने पैसे नहीं थे। उसने शेरसिंह से पांच रुपये का एक गोला देने को कहा लेकिन शेरसिंह ने यह कहते हुए इन्कार कर दिया कि वह दोपहर में इतनी दूर घाटे में बर्फ का गोला बेचने थोड़े ही आया है।
इस बात पर संजू की शेरसिंह से नोकझोंक हो गई। संजू ने बच्चों के जिद करने की बात कहते हुए शेरसिंह से पांच रुपये का गोला न देने पर वहां से चले जाने को कहा लेकिन शेरसिंह ने इन्कार कर दिया। बातचीत में ही विवाद इतना बढ़ा कि शेरसिंह ने बर्फ तोड़ने वाला सूजा निकालकर संजू पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। संजू लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया।
मोहल्ले के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने संजू को उठाकर एम्बुलेंस से बरेली भिजवाया लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर ही मौजूद मिले शेरसिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
बेसहारा हो गईं संजू की तीनों बेटियां
भाई प्रेमपाल के मुताबिक चार भाइयों में संजू तीसरे नंबर का था। उसकी पत्नी की चार साल पहले ही मौत हो चुकी है। मजदूरी करके वह 12 वर्षीय बेटी, नौ वर्षीय मुस्कान और सात वर्षीय सीमा को पाल रहा था। बेटियों की वजह से वह रोज मजदूरी करने भी नहीं जा पाता था। अब संजू की भी मौत से उसकी तीनों बेटियां बेसहारा हो गई हैं। शेरसिंह के हाथों संजू की मौत के बाद तीनों बेटियां उसके शव से चिपककर काफी देर रोती रहीं।
ये भी पढे़ं- बरेली: शराब की 21 दुकानों का ई-लॉटरी से आवंटन, 633 आए थे आवेदन
