Fatehpur: अखिलेश यादव बोले- 'बीजेपी को 140 सीटों के लिए तरसा देगी जनता...डबल इंजन वाली सरकार ने छीनी युवाओं की नौकरी'

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

वैक्सीन कंपनियों से भाजपा वालों ने वसूला पैसा- अखिलेश

फतेहपुर, अमृत विचार। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसानों के मुद्दे पर भाजपा को जमकर घेरा। भाजपा की कथनी और करनी पर प्रहार करते हुए कहा, अच्छे दिन तो नहीं आए, लेकिन हमारी सरकार में खुशियों के दिन आएंगे। किसानों को खुशहाल किया जाएगा। भाजपा सरकार संविधान बदलना चाहती है। इस बार चुनाव में भाजपा को 140 सीटों के लिए जनता तरसा देगी। उन्होंने कहा के गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों का कर्जा माफ करने समेत महिलाओं को लखपति बनाया जाएगा। 

लोकसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी नरेश उत्तम पटेल के समर्थन में शहर के मुस्लिम इंटर कालेज के मैदान में गुरुवार को 14.45 बजे आए पूर्व सीएम एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने 30 मिनट के भाषण में उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा आरक्षण खत्म करना चाहती है। हम ऐसा नहीं होने देंगे। 

कहा कि जनता के किसी भी सवाल का जवाब भाजपा के पास नहीं है। भाजपा सरकार में पेपर लीक बंद नहीं हो पा रहा। यह सरकार जान बूझकर पेपर लीक करती है। भाजपा के 400 पार के नारे पर कहा कि इसका मतलब है कि 553 सीटों में 400 छोड़ कर जो शेष बचेंगी वह भाजपा की होंगी। 140 करोड की जनता इस बार भाजपा को 140 सीटों के लिए तरसा देगी। 

महंगाई पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा, पहले पारले-जी बिस्कुट का पैकेट बड़ा आता था। भाजपा सरकार ने उस पैकेट को छोटा कर दिया और महंगा भी कर दिया। महंगाई बढ़ गई और दवाई भी महंगी हो गई। मैंने वैक्सीन लगवाने के लिए मना किया था। आज वैक्सीन की पोल खुल चुकी है। वैक्सीन कंपनियों से भाजपा वालों ने पैसा वसूला। उन्होंने कहा कि गठबंधन की सरकार आने पर आटा ही नहीं डाटा भी साथ देंगे। माताओं, बहनों को एक लाख रुपये देकर लखपति बनाएंगे। जनसभा में समर्थकों का हुजूम रहा।

यह भी पढ़ें- Kanpur: ग्राम सभा की जमीन में निकला शिवलिंग, लोगों में बना आस्था का प्रतीक, ढोल की थाप पर थिरके भक्त

 

संबंधित समाचार