रुद्रपुर: ट्रक-कार की टक्कर में दो पक्षों में मारपीट, दो घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। विगत रात्रि काशीपुर फ्लाईओवर के नीचे कार और ट्रक में टक्कर हो गयी। इसके बाद कार चालक और ट्रक चालक के बीच हाथापाई शुरू हो गयी। इसमें दो लोग घायल हो गये। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर सौंपी गयी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

गुरुवार को ट्रांसपोर्टर इम्पीरियल ग्रीन निवासी मोहित पुत्र राकेश बब्बर ने सौंपी तहरीर में कहा है कि बुधवार रात उनका ट्रक रेलवे माल गोदाम से काशीपुर फ्लाईओवर के नीचे से होकर सिडकुल को जा रहा था। इस दौरान दूसरी साइड से कार चालक तेज गति से आया और ट्रक से टकरा गया।

इसके बाद कार चालक लोहे की राड लेकर आया और उसके वाहन चालक जगन लाल पर हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। इसका पता चलते ही वह मौके पर पहुंचे और चालक की गंभीर हालत देख उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

इधर दूसरे पक्ष के यूनिटी लॉ कॉलेज रुद्रपुर के प्राचार्य डॉ.कुंदन सिंह राठौर ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि बुधवार रात वह कार से फ्लाईओवर के नीचे से जा रहे थे। इस दौरान कार उनके दोस्त अनिल चौधरी चला रहे थे। इस दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। जिसके बाद चालक ट्रक समेत भाग गया। यह देख उनके साथी अनिल ने उसका पीछा कर 100 मीटर दूर पकड़ लिया।

इस दौरान वहां मौजूद कई ट्रक चालकों ने ट्रक चालक के साथ उनके साथी की पिटाई कर दी। इस पर अनिल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने पुलिस से ट्रक चालक और उसके साथियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल धीरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। जांच की जा रही है, इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार