सुलतानपुर: जाम से कराह रहा शहर, जिम्मेदार बेखबर, ई रिक्शा और फुटपाथ के दुकानदार बने हैं जाम के कारण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुलतानपुर, अमृत विचार। जिला मुख्यालय पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की कवायद भले ही की जा रही हो, लेकिन जड़ तक बदहाल यातायात व्यवस्था को सुधारने की कवायद काफी कठिन मानी जा रही है। एक तरफ संसाधनों का रोना है तो दूसरी ओर अतिक्रमण का बोलबाला है।

यातायात व्यवस्था सुधारने की जितनी कोशिशें हुई, दुश्वारियां उतनी ही बढ़ती गई। बढ़ती जनसंख्या व बेतहाशा वाहनों की वृद्धि भी जटिल चुनौती है। स्थिति यहां तक पहुंच गई है कि सड़कों पर पैदल चलने की जगह ही नहीं बची है। रसूख के चलते प्रशासन अतिक्रमणकारियों पर हाथ डालने को तैयार नहीं।

अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या से शहर के लोग कराह रहे हैं। आम से लेकर खास तक सभी जाम से परेशान हैं। सड़कों पर रसूखदार व्यापारियों ने पैदल चलने वाली फुटपाथ पर कब्जा कर अपनी दुकाने सजा ली है। मुट्ठी भर यातायात पुलिसकर्मियों के भरोसे यातायात व्यवस्था सुधारने का दावा किया जा रहा है।

चौराहों पर तैनात यातायात पुलिसकर्मी व होमगार्ड के जवान भी जाम के आगे बेबस नजर आ रहे है। चौराहों पर जाम लगने के दौरान अक्सर डायल 112की गाड़ियां भी खड़ी रहती हैं, लेकिन पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने वाहनों में बैठे रहते हैं। शहर की सड़कों पर नियमों से अंजान वाहन चालक जाम की समस्या को और बढ़ा रहे हैं।

ई रिक्शा चालक बने हैं जाम के कारण

शहर की जिन गलियों में लोग पैदल व बाइक से सफर करते हैं उन गलियों में भी ई रिक्शा चालक पहुंच जाम लगा रहे हैं। इतना ही नहीं ज्यादा सवारी बैठाने को लेकर बीच सड़क या फिर सड़को के किनारे खडे हो जाते हैं। जिससे सड़को पर जाम लग जाता है। रही सही कसर वीआईपी वाहन पूरी कर देते हैं। सड़को के किनारे अपने वाहन को खड़ा कर अपना काम निबटाने लग जाते हैं जिससे जाम के हालात बन जाते हैं।

वेडिंग जोन के बजाय फुटपाथ पर सजती है दुकानें

शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए गोपालदास पुल के बगल वेंडिंग जोन बनाया गया है। साथ ही फुटपाथ की दुकानों को वहा शिफ्ट कराने के लिए आवंटित भी किया है। फिर भी उनकी दुकानें फुटपाथ पर ही सज रही है। नगर पालिका का जब अभियान चलता है तो फुटपाथ के दुकानदार वेंडिंग जोन में चले जाते हैं। अभियान के बाद फिर फुटपाथ पर लौट आते हैं।

चुनाव के चलते फोर्स की कमी है, फिर भी भी लगातार प्रयास रहता है कि जाम नहीं लगने पाएं। फोर्स आने के बाद प्रभावी कार्यवाही की जायेगी..,चंद्र भान वर्मा, यातायात निरीक्षक।

यह भी पढ़ें:-सुलतानपुर: रेलवे स्टेशन के रास्ते बने टैंपो के पार्किंग स्थल, मुसीबत में राहगीर

 

संबंधित समाचार