Unnao Crime: दहेज में कार और दो लाख न मिलने पर विवाहिता की हत्या का आरोप...जांच में जुटी पुलिस
उन्नाव में दहेज में कार और दो लाख न मिलने पर विवाहिता की हत्या का आरोप
उन्नाव, अमृत विचार। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के कैलाश विहार निवासी एक विवाहिता के ससुरालीजनों ने दहेज में कार और दो लाख की नकदी की मांग की। आरोप है कि शादी के बाद अतिरिक्त दहेज न मिलने पर रविवार देर रात ससुरालियों ने विवाहिता की हत्या कर दी। जानकारी होने पर मृतक का भाई पहुंचा। जहां उसने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुये कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
सुल्तानपुर जिले के थाना लम्भुआ के जाटूपुर निवासी अवनीश सिंह की बेटी प्रीती सिंह की शादी 5 दिसंबर 2023 को गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के कैलाश बिहार कॉलोनी निवासी हरगोविंद सिंह के बेटे अमित सिंह के साथ हुई थी। प्रीती के भाई नवनीत कुमार ने गंगाघाट थाने में तहरीर देते हुये बताया की शादी में उसने खूब दान दहेज दिया था।
इसके बावजूद ससुरालीजन दहेज में कार और दो लाख की नकदी मांगने लगे। जिस पर बहन प्रीती ने दहेज लाने से मना कर दिया। इसकी जानकारी उसने मायके वालों को दी। जिस पर पिछले सप्ताह उसका भाई गौरव अपनी बहन के घर पहुंचा और धीरे-धीरे कर दहेज की मांग पूरी करने का आश्वासन दिया।
नवनीत का आरोप है कि दहेज न मिलने पर ससुरालीजन उसे प्रताड़ित करते रहे। रविवार को उसने फोन मिलाकर प्रीती से बात करने का प्रयास किया तो ससुरालीजनों ने फोन काट दिया। रात्रि लगभग 09ः50 बजे बहन के ससुर हरगोविंद ने फोनकर जानकारी दी कि तुम्हारी बहन का शव दरवाजे पर पड़ा है।
जिस पर वह मौके पर पहुंचा। जहां बहन को मृत देख उसने पति अमित, ससुर हरगोविंद, सास मिथलेश, देवर रोहित सिंह पर बहन की हत्या का आरोप लगाते हुये कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। जिसके बाद आलाधिकारियों को अवगत कराया। जहां मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा भर पीएम के लिये भेजा गया है। वहीं मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
