22 मई को श्रावस्ती आएंगे PM, प्रधानमंत्री मोदी की रैली की तैयारियां अंतिम चरण में
श्रावस्ती, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी द्वारा लोकसभा श्रावस्ती के चुनाव के अंतिम दौर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली प्रस्तावित है। जनपद श्रावस्ती में 22 मई को प्रधानमंत्री मोदी महात्मा बुद्ध की तपोस्थली में पहली बार लोकसभा चुनावी सभा को सम्बोधित करने आ रहे हैं। इससे पहले 2009 इकौना जगतजीत इंटर कालेज में सत्य देव सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया था।उस समय मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे।इस बार भाजपा के प्रत्याशी साकेत मिश्र के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी श्रावस्ती बलरामपुर द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 22 मई को प्रस्तावित रैली की तैयारियों को लगभग पूर्ण कर लिया गया है। मंच, सुरक्षा, जनता के बैठने के ब्लॉक, वाहन पार्किंग, पेयजल सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सभी व्यवस्थाओं पर जिले और मोर्चों के कार्यकर्ताओं को लगाया गया है। जिलाध्यक्ष उदय प्रकाश त्रिपाठी द्वारा भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा के साथ रैली स्थल का जायजा लिया गया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा द्वारा रैली से जुड़ी आवश्यक बिंदुओं पर व्यवस्था प्रमुखों के साथ चर्चा की गयी।
22 मई को कटरा क्षेत्र में एयरपोर्ट के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में लोकसभा क्षेत्र श्रावस्ती बलरामपुर की लाखों की संख्या में जनता के आने की संभावना है।इसके दृष्टिगत सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। रैली स्थल के परीक्षण में महेश मिश्रा, सत्यव्रत सिंह, अनिल मिश्रा, राहुल मणि त्रिपाठी तथा अन्य उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -Live UP Lok Sabha Elections 2024: भीषण गर्मी के चलते लखनऊ के कई बूथों पर पसरा सन्नाटा
