पंतनगर: श्रमायुक्त कार्यालय में हंगामा करने वाले अनुसेवक पर केस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पंतनगर/रुद्रपुर, अमृत विचार। 17 मई को एएलसी कार्यालय में नशे की हालत में श्रम प्रवर्तन अधिकारी से हाथापाई और विभागीय कर्मचारियों से अभद्रता करने वाले स्थाई अनुसेवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। पुलिस ने एएलसी की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए प्रकरण की जांच शुरू कर दी है, जबकि विभाग ने अनुसेवक के निलंबन की संस्तुति की लिए पत्राचार करना शुरू कर दिया है। ऐसे में माना जा सकता है कि पुलिसिया कार्रवाई के बाद अब आरोपी अनुसेवक को विभागीय कार्रवाई का भी सामना करना पड़ सकता है।

जानकारी के अनुसार सहायक श्रमायुक्त दीपक कुमार ने बताया कि 17 मई को कार्यालय में तैनात स्थाई अनुसेवक महेश चंद्र नैनवाल शराब के नशे में धुत्त होकर आया और कार्यालय कार्मिक पीयूष आर्या और बाजपुर के श्रम प्रवर्तन अधिकारी मोहन बैलवाल के अलावा महिला कर्मियों से अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। आरोप यह भी है कि अनुसेवक ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी से हाथापाई कर कपड़े फाड दिए और उनके वाहन को क्षतिग्रस्त भी कर दिया। जब रोकने का प्रयास किया तो वहां मौजूद फरियादियों से बदसलूकी की।

बताया कि पूरा घटनाक्रम कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। सूचना मिलने पर सिडकुल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और उस का मेडिकल परीक्षण करवाया तो अत्याधिक शराब पीने की पुष्टि भी हो चुकी है। जिस पर पुलिस ने सहायक श्रमायुक्त दीपक कुमार की तहरीर पर आरोपी अनुसेवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। उधर, एएलसी दीपक कुमार ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत होने के बाद एफआईआर की कॉपी और विभागीय जांच रिपोर्ट को तैयार कर लिया है। इसके बाद अनुसेवक के निलंबन की संस्तुति के लिए विभाग को पत्राचार किया जा चुका है। जल्द ही आला अधिकारियों के आदेश पर विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।

संबंधित समाचार