रुद्रपुर: 40 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर को दबोचा
रुद्रपुर, अमृत विचार। कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने पुड़िया बना कर स्मैक बेचने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से स्मैक की खेप भी बरामद की है। बरामद स्मैक की बाजार में कीमत लाखों में आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस का मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
मंगलवार को खुलासा करते हुए एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोडके व एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि काफी समय से रंपुरा और कोतवाली पुलिस को वार्डों में स्मैक तस्करी होने की शिकायतें मिल रही थी। बताया कि सोमवार की शाम को कोतवाल धीरेंद्र कुमार और रंपुरा चौकी प्रभारी नवीन बुधानी इलाके में रात्रि गश्त कर रहे थे कि तभी एक युवक पुलिस को देखकर बस्ती की गलियों में भागने की कोशिश करने लगा।
इस पर टीम ने घेराबंदी कर युवक को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनोज उर्फ टाकुली निवासी वार्ड-23 रंपुरा बस्ती बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 ग्राम स्मैक बरामद की। इसकी बाजार में कीमत डेढ़ लाख के करीब है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक बस्ती के रहने वाले अजय कोली नाम के युवक से लाता है और वहीं इलाके में स्मैक की आपूर्ति करता है।
बताया कि वह स्मैक की पुड़िया बनाकर वार्डों में घूमता है और युवाओं को महंगे दामों पर स्मैक बेचकर लती बनाता है। पिछले लंबे समय से वह इलाके में स्मैक बेचकर युवाओं को नशे की दलदल में धकेल चुका है। पूछताछ के बाद पुलिस ने अजय कोरी नाम के आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दोनों के खिलाफ एनडीपीएस का मुकदमा पंजीकृत कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
