हल्द्वानी: खाली नहीं की तो जमींदोज कर दी दुकान
हल्द्वानी, अमृत विचार। दुकान खाली कराने को लेकर दुकान मालिक और दुकानदार में काफी समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि दुकान खाली न करने पर दुकान मालिक ने दुकान ही जमींदोज कर दी। मामले में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ।
गौजाजाली उत्तर चौधरी कॉलोनी निवासी तस्लीम पुत्र अयूब खान ने कोर्ट को दी शिकायत में लिखा कि गंगा इन्क्लेव में उसकी किराए पर इलेक्ट्रानिक की दुकान थी। दुकान मंजू तिवारी पत्नी केशव दत्त तिवारी से किराए पर ली थी। आरोप है कि बीते वर्ष केशव ने उसे दुकान खाली करने के लिए धमकाया था।
इसकी शिकायत भोटियापड़ाव चौकी पुलिस और एसएसपी से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 17 अक्टूबर 2023 को उसकी दुकान जमींदोज कर दी गई। जिसमें उसका लाखों रुपये का नुकसान हुआ। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया तो पीड़ित ने कोर्ट में शिकायती पत्र दिया। कोतवाल हरेंद्र चौधरी का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
