हल्द्वानी: दूसरी जेलों में भेजे जाएंगे बनभूलपुरा हिंसा के आरोपी!

हल्द्वानी: दूसरी जेलों में भेजे जाएंगे बनभूलपुरा हिंसा के आरोपी!

हल्द्वानी, अमृत विचार। बनभूलपुरा हिंसा को तीन माह से अधिक समय बीत चुका है और इस हिंसा के आरोप में अब तक 107 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन बंदियों को नैनीताल जिला कारागार और हल्द्वानी उप कारागार में रखा गया है। क्षमता से अधिक बंदियों और कैदियों का बोझ उठा रही इन जेलों से जल्द ही कुछ बंदियों को राज्य के अन्य कारागरों में भेजा जाएगा। 

वर्ष 1906 में बने नैनीताल जिला कारागार में सिर्फ सात बैरकें हैं। यहां सिर्फ 71 लोगों को रखा जा सकता है। हालांकि हमेशा दोगुने से ज्यादा लोगों को यहां रखा जाता है। इसी तरह हल्द्वानी उप कारागार की क्षमता 635 बंदियों व कैदियों को रखने की है, यहां भी हमेशा दोगुने से अधिक लोगों को रखा जाता है।

ऐसे में सुरक्षा पर हमेशा सवाल उठते रहते हैं। इन दोनों कारागार में बनभूलपुरा हिंसा में गिरफ्तार सभी 107 आरोपियों को रखा गया है। हिंसा का मास्टर माइंड अब्दुल मलिक नैनीताल जेल में है। कारागार में बंद आरोपियों के परिजनों में इस वक्त हलचल मची है। उन्हें खबर मिली है कि जल्द ही आरोपियों को राज्य की अन्य जेलों में शिफ्ट किया जाएगा। हल्द्वानी उप कारागार के जेल अधीक्षक प्रमोद पांडेय का कहना है कि बंदियों की शिफ्टिंग को लेकर अभी तक कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है।