Kanpur: कामर्शियल काम्पलैक्स का विरोध तेज: आर-पार के मूड में व्यापारी, करेंगे आंदोलन, अनशन की भी तैयारी पूरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। सौ वर्षों से अधिक समय से कलक्टरगंज बाजार में बसे, तीन पीढ़ियों से व्यापार करने वाले व्यापारियों को उजाड़ने का प्रयास किया गया तो व्यापारी, कर्मचारी व उनके परिजन सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन अनशन किया जाएगा। 

यह बात भारतीय उद्योग व्यापार मंडल व कलक्टरगंज उद्योग व्यापार मंडल की चावल मंडी मे हुई अति आवश्यक बैठक में व्यापारियों ने कही। उन्होंने कहा कि कलक्टरगंज गल्ला मंडी में कामर्शियल काम्पलैक्स का हर कीमत पर विरोध किया जाएगा।

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल और कलक्टरगंज उद्योग व्यापार मंडल की गुरुवार को कलक्टरगंज चावल मंडी में हुई बैठक में व्यापारियों ने कहा कि कलक्टरगंज गल्ला मंडी की जगह नजूल की है या नगर निगम की, इसकी जांच होनी चाहिए। अगर व्यापारियों को मंडी से उजाड़ने का प्रयास किया गया तो व्यापारी, कर्मचारी व उनके परिजन सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे। 

व्यापारियों ने कहा कि कलक्टरगंज के चार व्यापारियों की हार्ट अटैक पड़ चुका है, जिसमें दो व्यापारियों की मृत्यु हो चुकी है। व्यापारियों का किराया 2009 तक जमा किया जा चुका है। तय हुआ कि कलक्टरगंज गल्ला मंडी में व्यापारियों को केवल स्थान का स्वामित्व चाहिए। इसके लिए जरूरत पड़ी तो अनिश्चित कालीन अनशन करेंगे। 

बैठक में हरिश्चंद्र जायसवाल, केके गुप्ता, पंकज गुप्ता, शंकर लाल राठौर, राजा गुप्ता, चंद्रप्रकाश गुप्ता, सिद्दू जायसवाल, सुनील साहू, धर्मेंद्र गुप्ता, सरवन गुप्ता, रूद्र गुप्ता, संजय गुप्ता, विजय गुप्ता, रमेश अग्रहरी, घनश्याम गुप्ता, अजय गुप्ता, विनोद पांडे आदि रहे।

अनिश्चितकालीन अनशन किया जाएगा

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश वरिष्ठ महामंत्री ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि कलक्टरगंज बाजार में तीन पीढ़ियों से व्यापार करने वाले व्यापारियों को उजाड़ने का प्रयास किया गया तो अनिश्चितकालीन अनशन किया जाएगा। नगर निगम का तानाशाही भरा रवैया है जिसका हर कीमत पर व्यापारी समाज विरोध करेगा।

सब मिलकर आंदोलन करेंगे

कलक्टरगंज उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष आशीष मिश्र ने कहा कि व्यापारियों को उजड़ने नहीं दिया जाएगा। हम सभी मिलकर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेंगे। कलक्टरगंज में कामर्शियल काम्पलैक्स बनने से यहां के हजारों व्यापारियों का व्यापार खत्म हो जाएगा। उनके परिवार कैसे चलेंगे, इस पर विचार करना चाहिए।

परिजनों के साथ संघर्ष करेंगे

कलक्टरगंज उद्योग व्यापार मंडल के चेयरमैन राजेंद्र शुक्ला व संयोजक अनुराग जायसवाल महामंत्री पवन गुप्ता ने कहा कि हमारी रोजी-रोटी का सवाल है। हम सब परिजनों के साथ संघर्ष करने को तैयार हैं। नगर निगम का प्रस्ताव सरासर अन्याय है। बाजार में बैनर लगाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। 

यह भी पढ़ें- Kanpur: भीषण गर्मी व धूप की तपिश से सूख रहा आंखों का पानी, हैलट में रोजाना लग रही मरीजों की भीड़, ऐसे करें आंखों का बचाव...

 

संबंधित समाचार