Etawah News: CM योगी के मेहमान बनेंगे अखिलेश के शेर...अब गोरखपुर के लोग करेंगे शेर भरत व शेरनी गौरी के दीदार
इटावा से एक शेर व एक शेरनी गोरखपुर जू के लिए रवाना
इटावा, अमृत विचार। सपा सुप्रीमो व पूर्व सीएम अखिलेश यादव के शेर अब सीएम योगी के मेहमान बनेंगे। शेर भरत और शेरनी गौरी के दीदार अब गोरखपुर के पर्यटक करेंगे। इन दोनों को शुक्रवार की सुबह इटावा सफारी से गोरखपुर जू के लिए रवाना कर दिया गया है।
केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण व प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन्यजीव के निर्देश पर इटावा सफारी पार्क के बब्बर शेर भरत व बब्बर शेरनी गौरी को शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणी उद्यान की टीम के पशु चिकित्सक डॉ. योगेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में तथा डॉ. आरके सिंह, उप पशुचिकित्सक पशु पालन विभाग की देखरेख में पूरी टीम के साथ में गोरखपुर प्राणि उद्यान भेजा गया।
शेर भरत का जन्म इटावा सफारी पार्क के लॉयन ब्रीडिंग सेंटर में 26 जून 2019 को हुआ है जबकि शेरनी गौरी सक्करबाग प्राणी उद्यान से 25 सितम्बर 2019 में इटावा सफारी पार्क में लायी गयी थी। तब से यह शेर इटावा सफारी पार्क में रह रहे थे।
अब इन्हें गोरखपुर जू भेजा गया और गोरखपुर जू देखने के लिए जाने वाले पर्यटकों को इनके दीदार होंगे। इन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना किया गया। इस मौके पर डाॅयरेक्टर डाॅ. अनिल पटेल, डिप्टी डाॅयरेक्टर विनय कुमार सिंह, रेंज आफिसर रुपेश श्रीवास्तव मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: खेरेश्वर घाट में गंगा नहाने गए तीन किशोर डूबे...एक की मौत, दूसरे को गोताखोरों ने बचाया, तीसरा लापता
