प्रयागराज में 26 फीसदी मतदान, कड़ी धूप में निकल रहे मतदाता 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज/नैनी, अमृत विचार। प्रयागराज में सुबह सात बजे से मतदान चल रहा है। यहां की दोनो सीटों पर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोग मतदान कर रहे हैं। दोपहर एक बजे तक जहां इलाहाबाद सीट पर लगभग 26 फीसदी मत पड़ चुके थे, वहीं फूलपुर सीट पर 25 प्रतिशत मतदान किया जा चुका था। शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इलाहाबाद और फूलपुर संसदीय क्षेत्र में 12 विधानसभा हैं। लेकिन इसमें दो विधानसभा सीट प्रतापपुर और हंडिया ये दोनों भदोही लोकसभा क्षेत्र में आते हैं। 

इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र में कुल 18,25730 मतदाता हैं। जिसमें 988343 पुरुष, 837149 महिला व 238 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। दोनों सीटों पर कुल 29 प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रयागराज के एसएस खन्ना गर्ल्स कॉलेज के बूथ पर 8 बजे तक ईवीएम चालू नहीं हो पाई। वहीं नैनी के प्राथमिक विद्यालय डांडी के एक बूथ पर ईवीएम मशीन नही चलने से मतदाता परेशान रहे। यहां करीब पौन घंटे बाद ईवीएम मशीन को बदलकर मतदान शुरू कराया गया। प्रयागराज में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उनकी पत्नी ने मतदान किया। 

उन्होंने कहा कि वोट डालना लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण है और यह हमारा अधिकार भी है। मैं फूलपुर लोकसभा का मतदाता भी हूं। इसलिए मैं अपने परिवार के साथ मतदान करने आया हूं। मैं सबसे अपील करता हूं कि सभी मतदान करने जरूर जाएं। वहीं कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने परिवार के साथ वोट डालने के बाद कहा कि विपक्ष को चार जून के बाद मातम मनाना पड़ेगा, क्योंकि नरेंद्र मोदी की अगुवाई में तीसरी बार एनडीए सरकार बनने जा रही है। उनका दावा है कि जनता इस बार जाति-धर्म से परे हटकर सिर्फ और सिर्फ विकास के मुद्दे पर मतदान कर रही है। इस चुनाव में विपक्ष कहीं नजर नहीं आ रहा है। इनके अलावा पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह विधायक शहर पश्चिमी, भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी एवं उनकी पत्नी कविता यादव त्रिपाठी, हर्षवर्धन बाजपेई विधायक शहर उत्तरी ने अपने-अपने बूथों पर मतदान किया।

ये भी पढ़ें -श्रावस्ती में कई जगह EVM हुईं खराब, प्रयागराज में मतदान का किया बहिष्कार

संबंधित समाचार