काशीपुर: टांडा में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत

काशीपुर: टांडा में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत

काशीपुर, अमृत विचार। एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। मृतका के भाई ने हत्या किए जाने का संदेह जताते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया।

रामपुर थाना पटवाई के ग्राम जिवाई निवासी रामश्री पुत्री लेखराज का विवाह 13 वर्ष पूर्व टांडा उज्जैन निवासी निर्मल सिंह के साथ हुआ था। दोनों पति-पत्नी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। परिवार में दो बेटियां किशनवती, प्रियंका व एक पुत्र गौरव हैं। पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।

दस दिन पूर्व रामश्री घर छोड़कर कहीं चली गई थी, लेकिन चार दिन बाद वापस घर लौट आई। इसके बाद फिर उनके बीच मारपीट होने लगी। रामश्री की मां फूलवती भी उसके साथ ही रह रही थी। 23 मई की शाम भी दोनों पति-पत्नी के बीच हाथापाई हुई। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई।

उसे गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल ले जाया गया। कोई विषाक्त पदार्थ का सेवन करने की आशंका जताते हुए डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया, लेकिन पति उसे वापस घर ले गया। 24 मई की सुबह उसकी मृत्यु हो गई। लेकिन पति ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी। बड़ी बेटी किशनवती ने अपनी नानी के फोन से चंडीगढ़, पंजाब में काम कर रहे अपने मामा गेंदनलाल को इस बारे में बताया।

गेंदनलाल की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतका का शव कब्जे में ले लिया है। डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। चौकी प्रभारी मनोज जोशी ने बताया कि मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं होने के कारण बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है। मृतका के भाई गेंदनलाल ने हत्या का शक जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। खबर लिखे जाने तक केस दर्ज नहीं हो सका है।