पीलीभीत: ट्रक की टक्कर से चली गई बाइक सवार एमआर की जान, साथी की हालत गंभीर
पीलीभीत, अमृत विचार। काम निपटाकर साथी के साथ बाइक पर सवार होकर लौट रहे एमआर की सड़क हादसे में मौत हो गई। डगा पुल के पास पहुंचते ही उनकी बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी थी।
पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिपरिया जयभद्र के रहने वाले 25 वर्षीय प्रशांत पुत्र विजय स्वरुप मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव ( एमआर) थे। वह शनिवार को काम के सिलसिले में अपने साथी निहाल के साथ बाइक से गए थे। देर रात दोनों उत्तराखंड के खटीमा की तरफ से बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे।
माधोटांडा क्षेत्र में डगा पुल के पास पहुंचते ही उनकी बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी पूरनपुर ले जाया गया। वहां प्रशांत को मृत घोषित कर दिया गया जबकि उसके साथी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। रविवार को पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: बर्न यूनिट में लटक रहे ताले, झुलसे मरीज सामान्य वार्ड में भर्ती...गर्मी से परेशान
