Exclusive: नई सड़कों की सुरक्षा करेंगे कानपुर नगर निगम के 12 अभियंता, जोनवार अधिकारियों की होगी जिम्मेदारी, विभागों से मांगी गई NOC

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अभिषेक वर्मा, कानपुर। शहर में बिना अनुमति के हो रही खोदाई की वजह से सड़कें बर्बाद हो रही हैं। पाइप लाइन व भूमिगत केबिल डालने के नाम पर सबसे ज्यादा सड़कें टूट रही हैं। जलकल, जल निगम, केस्को, सीयूजीएल विभाग बिना बताये ही नई सड़कों को उखाड़ दे रहे हैं, जिससे जनता को दिक्कत तो हो ही रही है, साथ ही नगर निगम को वित्तीय क्षति भी पहुंच रही है। इन समस्याओं को देखते हुये नगर निगम ने अपनी सड़कों की सुरक्षा के लिये 12 सदस्सीय समिति का गठन किया है। समिति में शामिल अभियंता सड़कों की देख-रेख करेंगे। अभियंताओं के क्षेत्र में अगर सड़क खोदी गई तो पूरी जिम्मेदारी उनकी होगी। 

नगर निगम के मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी ने सड़क की खोदाई पर नजर रखने के लिए जोनवार अधिशाषी अभियंता और सहायक अभियंता को समिति में अध्यक्ष व सदस्य नामित किया है। सभी छह जोन की अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। यह समित जलकल, जलनिगम, केस्को, सीयूजीएल और टेलीकॉम कंपनियों से पत्राचार कर उनके द्वारा शहर में किये जा रहे कार्यों और समय सीमा की जानकारी लेगी। 

इसके साथ ही विभाग से एनओसी की भी जानकारी लेगी। यदि चार दिन में विभाग इसकी जानकारी नहीं देंगे तो मान लिया जाएगा कि उनके द्वारा कोई कार्य नहीं किया जा रहा है। अगर इसके बाद सड़क खोदते या कार्य करते विभाग मिले तो कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम समिति को विभागों को बताना होगा कि कार्य शुरू और पूरा करने के बाद सड़क पर आने वाले एक वर्ष कोई खोदाई नहीं की जाएगी। विभागों द्वारा काम होने की जानकारी देने के बाद भी अगर सड़क खोदाई होते पाया जाता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।

लीकेज दुरुस्त करके सड़क भी बनाई जाए

मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी ने समिति से कहा है कि प्राय: जल निगम और जलकल अपनी पेयजल लाइनों का लीकेज बनाने के बाद सड़क यूं ही छोड़ देते हैं। समिति इसका ध्यान रखे और लीकेज बनाने के बाद सड़क भी बनाएं, ताकि नगर निगम को वित्तीय छति होने से बचाया जा सके।

जोनवार समिति का किया गया गठन

जोन एक में प्रभारी अधिशाषी अभियंता सतीश चंद्र कमल को अध्यक्ष और सहायक अभियंता राजेश कुमार को सदस्य जोन 2 में प्रभारी अधिशाषी अभियंता दिवाकर भाष्कर को अध्यक्ष व जोन के अवर अभियंता को सदस्य नामित किया गया है। इसी तरह जोन तीन में प्रभारी अधिशाषी अभियंता नानक चंद्र को अध्यक्ष, सहायक अभियंता हरीजी वर्मा को सदस्य, जोन चार में अधिशाषी अभियंता आरके तिवारी को अध्यक्ष और सहायक अभियंता मीनाक्षी अग्रवाल को सदस्य, और जोन 5 में अधिशाषी अभियंता अतुल पांडेय को अध्यक्ष और कार्य क्षेत्र के अवर अभियंता को सदस्य बनाया गया है। जोन 6 में प्रभारी अधिशाषी अभियंता आरके सिंह को अध्यक्ष और सहायक अभियंता संतोष विश्वकर्मा को सदस्य नामित कराया गया है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: नौतपा में भीषण गर्मी से बढ़ी लोगों की बेचैनी, गर्म हवाओं के थपेड़ों से बचने को सिर ढककर सड़कों पर निकले राहगीर

संबंधित समाचार