पीलीभीत: संदिग्ध परिस्थितियों में धार्मिक स्थल के सेवादार की मौत, चबूतरे पर पड़ा मिला शव...छानबीन में जुटी पुलिस

पीलीभीत: संदिग्ध परिस्थितियों में धार्मिक स्थल के सेवादार की मौत, चबूतरे पर पड़ा मिला शव...छानबीन में जुटी पुलिस

पूरनपुर,अमृत विचार: धार्मिक स्थल के पुजारी के साथ रहने वाले सेवादार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव चबूतरे पर पड़ा मिलने पर लोग जमा हो गए। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची और मौका मुआयना किया। शव पोस्टमार्टम को भेज पुलिस छानबीन में जुट गई है।                 

नगर से एलआईसी तिराहा होकर जाने वाले पीलीभीत मार्ग पर एक धार्मिक स्थल है। यहां महंत राजेश उर्फ राजू  और उनके सेवादार नत्थूलाल (65)पुत्र सीताराम  रहते थे। सोमवार सुबह नत्थू लाल का शव धार्मिक स्थल के बाहर चबूतरे पर पड़ा मिला।

शव देख शोर मचा तो काफी ग्रामीण जमा हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला, कस्बा इंचार्ज प्रद्युम्न कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई।

कोतवाल ने बताया कि मृतक मूल रुप से सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम  चंदोई के रहने वाले थे। उनके परिवार को भी सूचना देकर बुला लिया गया है। महंत कमरे में नशे की हालत में मिला। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। जांच चल रही है।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: बाइक हटाने को लेकर मारपीट, चले पत्थर...सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश