Heat Wave: देश में भीषण गर्मी का कहर, दिल्ली में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार

Heat Wave: देश में भीषण गर्मी का कहर, दिल्ली में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार

नई दिल्ली। चिलचिलाती गर्मी से देश के लोगों का जीना दुश्वार हो गया है और दिल्ली के लोगों को एक दिन और 46 डिग्री सेल्सियस तापमान का सामना करना पड़ सकता है। राजधानी में सोमवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। पिछले कुछ दिनों में यहां पर अधिकतम तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। आज अपराह्न एक बजे से शाम पांच बजे के बीच अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस और फिर रात 11 बजे तक घटकर 39 डिग्री रह सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

29 मई तक भीषण गर्मी जारी
दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 29 मई तक भीषण गर्मी जारी रहेगी। 

मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि दिल्ली में अगले कुछ दिनों और भीषण गर्मी पड़ेगी। तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस और 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। सप्ताह के दौरान हवाओं की रफ्तार दक्षिण-पूर्व से चार किमी प्रति घंटा की गति से शुरू हुयी अपराह्न तक उत्तर-पश्चिम से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। दिल्ली के अधिकतर स्थानों पर आसमान साफ रहने और कुछ स्थानों पर अत्यधिक लू चल रही है। सप्ताह के अंत तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी तथा 25 से 35 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। लोगों को अनावश्यक तौर पर घर से बाहर न जाने की सलाह दी गयी है। 

राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी, लू-तापघात से एक व्यक्ति की मौत 
जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है जहां रविवार को लू-तापघात से एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस बीच चिकित्सा विभाग ने भीषण गर्मी के प्रबंधन के लिए चिकित्सा संस्थान वार नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार पिछले चौबीस घंटे में जोधपुर, बीकानेर व कोटा संभाग में अनेक जगह ‘हीटवेव व तीव्र हीटवेव’ दर्ज की गई। 

इस दौरान फलोदी में अधिकतम तापमान 49.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। राज्य में पड़ रही गर्मी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीती रात सर्वाधिक न्यूनतम तापमान कोटा में 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम केंद्र के अनुसार राज्य में भीषण गर्मी का दौर अभी जारी रहेगा। जनस्वास्थ्य निदेशक डॉ. रवि प्रकाश माथुर ने एक बयान में बताया कि लू-तापघात के चलते रविवार को अजमेर के सराना गांव निवासी 40 वर्षीय मोती सिंह की मौत हो गई। 

उन्होंने बताया कि दिहाड़ी मजदूर मोती सिंह की शनिवार को रूपनगढ़ गांव में ट्रैक्टर में पत्थर भरते समय अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे पहले सीएचसी रूपनगढ़ लाया गया और यहां से उसे जिला अस्पताल किशनगढ़ रैफर किया गया था। अधिकारी ने बताया कि रास्ते में ही मोती सिंह की मौत हो गई। इस बीच ‘हीटवेव प्रबंधन’ के तहत अस्पतालों में उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी एवं तात्कालिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए जिलों में चिकित्सा संस्थान वार नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। ये नोडल अधिकारी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय करते हुए भीषण गर्मी के प्रकोप से बचाव, जांच, दवा एवं उपचार सहित तमाम प्रबंध सुनिश्चित करेंगे। 

अतिरिक्त मुख्य सचिव शुभ्रा सिंह ने बताया कि ‘हीटवेव’ (भीषण गर्मी के प्रकोप) से पीड़ित रोगियों को तत्काल राहत प्रदान करने के लिए राज्य स्तर के साथ-साथ सभी जिलों में 24 घंटे नियंत्रण कक्ष का संचालन किया जा रहा है। साथ ही, हेल्पलाइन 1070 एवं एम्बुलेंस सेवा 104 एवं 108 उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि चिकित्सा संस्थानों में तात्कालिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए राजस्थान चिकित्सा राहत समिति (आरएमआरएस) निधि का युक्ति संगत उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। 

ये भी पढ़ें- जब तक मोदी और भाजपा हैं, धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होने देंगे, वाराणसी में बोले नड्डा

ताजा समाचार