बरेली: गर्मी से लोग हुए बेहाल...पारा पहुंचा 43.8 डिग्री, सीजन के सबसे गर्म दिन और रात, ऐसे करें अपना बचाव

बरेली: गर्मी से लोग हुए बेहाल...पारा पहुंचा 43.8 डिग्री, सीजन के सबसे गर्म दिन और रात, ऐसे करें अपना बचाव

बरेली, अमृत विचार: जिले में दिन के साथ रातें भी गर्म होने लगी हैं। इस सीजन में रविवार को दिन और रात का अब तक सबसे अधिक तापमान रिकार्ड गया। मौसम विभाग ने दो दिन और तापमान बढ़ने का पूर्वानुमान जताया है और वार्म नाइट का भी येलो अलर्ट जारी किया है।

रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक 43.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस अधिक 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले छह दिनों में दिन के तापमान में करीब छह डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई है। रविवार को सुबह हवा में 53 प्रतिशत और शाम को 29 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई।

आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अभी अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी रहेगी। वर्तमान में मौसमी परिस्थितियों के अनुसार अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28-29 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।

उन्होंने बताया कि 30 मई के बाद गर्मी से लोगों को हल्की राहत मिलेगी, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि इस बार मानसून के समय पर आने की संभावना जताई जा रही है। 1 जून के आसपास मानसून केरल के तट पर आ सकता है, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को जून के पहले सप्ताह में गर्मी से राहत मिल सकती है, जबकि जून के मध्य में एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी बढ़ने का पूर्वानुमान जताया गया है।

लू और गर्म रातों से दिक्कतें
-छोटे बच्चों, वृद्ध और गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों के लिए स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
-मजूदरों, किसानों और धूप में देर तक काम करने वालों को लू लगने की संभावना।
-पशुधन और बागबानी फसलों पर प्रभाव पड़ेगा।

यह करें बचाव
दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में न रहें, हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनें, डिहाइड्रेशन से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ पिएं, फसलों की बार-बार सिंचाई करें, दोपहर में जानवरों को चराने से बचें और उन्हें पर्याप्त पानी पिलाएं।

यह भी पढ़ें-  बरेली: हवा का झोंका भी नहीं झेल पा रही हैं फैंसी लाइटें, कई हो चुकीं खराब