नोएडा: बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के पास मिला महिला का शव, इलाके में सनसनी
नोएडा। यूपी के नोएडा के सेक्टर 39 थाना क्षेत्र में बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के पास पुलिस को एक अज्ञात महिला का शव मिला है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि महिला नेपाल की रहने वाली प्रतीत होती है। सेक्टर 39 के थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सोमवार रात सूचना मिली कि बोटैनिकल गार्डन के पास एक अज्ञात महिला ‘डिवाइडर’ पर बेहोशी की हालत में पड़ी है।
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि महिला नेपाल देश की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों और सोशल मीडिया की सहायता से शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
इस बीच, नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में यमुना नदी में भी 40 वर्षीय एक अज्ञात पुरुष का शव सोमवार को मिला। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस को यमुना नदी में 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि शव की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-रवि किशन का दावा- आधा दर्जन से अधिक विपक्षी दलों का अस्तित्व चार जून के बाद समाप्त हो जाएगा
