बरेली: लकड़ी कारोबारी से एप के जरिए 12.14 लाख की ठगी, मर्चेंट नेवी अधिकारी समेत तीन पर FIR

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार: लकड़ी कारोबारी से एप के जरिए 12.14 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। ठगों ने ड्रीम इलेवन के बहाने क्रास ओवर एप से आनलाइन सट्टे के कारोबार में कारोबारी से गोल्ड, सिल्वर और प्लेटिनम में निवेश कराने का झांसा दिया। कारोबारी की शिकायत पर आईजी डॉ. राकेश सिंह के आदेश पर बारादरी पुलिस ने पूरनपुर के कारोबारी, मर्चेंट नेवी के अधिकारी समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और सट्टेबाजी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

महानगर कॉलोनी निवासी नितिन ने बताया कि वह बांसमंडी में लकड़ी का कारोबार करते हैं। उनकी बासमंडी में एक दोस्त के जरिए पीलीभीत जिले के पूरनपुर की अशोक कालोनी निवासी रितेश गुप्ता उर्फ पारो से मुलाकात हुई थी। उनका आरोप है कि रितेश का पूरनपुर में च्वाइस सेंटर के नाम से रेडीमेड कपड़ों और ज्वेलरी का व्यापार है। आरोप है कि रितेश ने अपने भाई अभिषेक उर्फ जानू को मर्चेंट नेवी में ऑफिसर बताया था।

रितेश ने बताया कि ड्रीम इलेवन की सहयोगी कंपनी क्रास ओवर की फ्रेंचाइजी उनके पास है। उन्होंने क्रास ओवर एप पर गोल्ड, प्लेटिनम और सिल्वर में इनवेस्ट करने के लिए 4 मार्च को 1. 69 लाख रुपये और दो लाख रुपये, 5 मार्च को दो लाख रुपये और 6 मार्च को 6.5 लाख रुपये भेजे। उन्होंने प्रेमनगर में गुलाबनगर निवासी कपिल गुप्ता के माध्यम से रुपये रितेश गुप्ता को दिए। नितिन ने बताया कि रितेश अग्रवाल ने धीरे-धीरे 12.14 लाख रुपये क्रास ओवर कंपनी में लगाए हैं। 

उन्हें पता लगा कि क्रासओवर एप फर्जी है और सेबी समेत किसी सरकारी संस्था में क्रास ओवर एप रजिस्टर्ड नहीं है। उन्होंने रितेश गुप्ता से रुपये वापस मांगे, जिस पर वह टाल मटोल करने लगा। रितेश ने अपने भाई मर्चेंट नेवी ऑफिसर के साथ मिलकर फर्जी एप तैयार कराई है और कई जिलों में ऑनलाइन सट्टा खिलवा रहा है।

अब रितेश ने फोन भी उठाना बंद कर दिया है। उसने 15 मई 24 को जान से मारने की भी धमकी दी। आईजी के आदेश पर बारादरी पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी अमित पांडे ने बताया कि आईजी के आदेश पर तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- बरेली: पॉवर कॉरपोरेशन में भर्ती कराने के बहाने ठगी, फर्जी कॉल लेटर भी दिया

संबंधित समाचार