सीतापुर: शौच गई नाबालिग से असलहे के बल पर दुष्कर्म! कई घंटे कैद रखने का आरोप
मौके से आरोपी की साइकिल और मोबाइल फोन बरामद, पीड़िता के पिता ने दी तहरीर
महोली/ सीतापुर,अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दोपहर में शौच करने जा रही एक नाबालिग बच्ची के साथ असलहे के बल पर दुष्कर्म करने और घंटों कैद में रखने की घटना सामने आई है। नाबालिग के घर न पहुंचने पर उसके चाचा ने तलाश शुरू की। इस दौरान खेत में नाबालिग को जबरिया रोके आरोपी, चाचा के शोर मचाने पर अपनी साइकिल और मोबाइल फोन छोड़कर भाग गया। पीड़िता के पिता ने थाने में तहरीर दी है। उधर आरोपी के पिता ने पीड़िता के परिजनों पर लड़के को गायब कर देने का आरोप लगाया है। वारदात के करीब 24 घंटे बाद भी पुलिस जांच-पड़ताल की बात कह रही है।
घटना सोमवार की दोपहर करीब 11:30 बजे की है। मंगलवार की दोपहर पीड़िता के पिता द्वारा कोतवाली में दी गई तहरीर के मुताबिक करीब दस दिन पहले वह अपनी पत्नी सहित पिसावां थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी ससुराल चला गया था। घर पर उसकी बेटियां मौजूद थीं। सोमवार की दोपहर करीब 11:30 बजे उसकी तेरह वर्षीया बच्ची गांव के बाहर खेतों में अकेले शौच करने के लिए गई थी। तभी कचूरा गांव का विपिन चुपके से पीछे से अपनी साइकिल से आया और नाबालिग को जबरन दबोच ले गया। असलहे के बल पर वह बच्ची को पड़ोस के गन्ने के खेत में ले गया और डरा-धमका कर उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं दबंग विपिन ने कई घंटे तक नाबालिग को अपनी कैद में रखा।
उधर घंटों बीत जाने के बावजूद जब पीड़िता घर नहीं पहुंची तो उसकी बड़ी बहन ने अपने चाचा को सूचना दी। भतीजी को ढूंढने के लिए चाचा खेतों की तरफ पहुंचे। उन्होंने देखा कि विपिन उनकी भतीजी को पकड़े हुए है। चाचा की ललकार पर विपिन अपनी साइकिल और मोबाइल फोन छोड़कर मौके से फरार होने में सफल रहा। चाचा के साथ घर पहुंची पीड़िता ने परिजनों को पूरी बात बताई। भाई की सूचना पर सोमवार की देर शाम पत्नी सहित गांव वापस लौटे पीड़िता के पिता ने मंगलवार को कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
वारदात के बाद आरोपी विपिन कार्रवाई के भय से मौके से फरार हो गया। लेकिन आरोपी पक्ष के परिजनों का दावा है कि लड़की पक्ष के लोगों ने उनके लड़के को रहस्यमय परिस्थितियों में गायब कर दिया है। उन्हें बेटे को लेकर विपक्षियों पर अनहोनी की आशंका है। आरोपी के परिजनों ने कोतवाली में विपिन के गायब होने की सूचना दी है।
वर्जन-
लड़के के परिजनों ने मिसिंग की सूचना दर्ज कराई थी कि उनका बेटा कल से गायब है। जानकारी करने के बाद पता चला कि उसका किसी लड़की से चक्कर है। परिजनों ने जब देख लिया तो वह भाग गया। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद लड़की के परिजन थाने आए है। ऐसा कुछ नहीं है। -उमाकांत शुक्ल, प्रभारी निरीक्षक महोली
ये भी पढ़ें -Unnao: किशोरी की हत्या में शामिल दो युवकों को मिली उम्रकैद, दोषियों को भरना होगा इतने रुपये का जुर्माना
