बदायूं: राजमार्ग के गड्ढे में उछली बाइक, महिला की गिरकर मौत

- दवा लेकर बेटे के साथ बाइक से शाहजहांपुर लौट रही थी महिला

बदायूं: राजमार्ग के गड्ढे में उछली बाइक, महिला की गिरकर मौत

उसावां, अमृत विचार। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद राजमार्ग के गड्ढों से किराना व्यापारी की पत्नी की जान चली गई। वह अपने बेटे के साथ दवा लेकर बाइक से वापस घर लौट रही थीं। रास्ते में गड्ढे पर बाइक जाने पर बाइक से उछलकर राजमार्ग पर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। महिला को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहां से महिला को रेफर कर दिया। महिला को बदायूं शहर लाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। 

जिला शाहजहांपुर क्षेत्र के कस्बा कलान निवासी सुनील गुप्ता किराना व्यापारी हैं। कुछ दिनों से उनकी पत्नी बीमार चल रही थीं। बदायूं के चिकित्सक ने उनकी दवा चल रही थी। गुरुवार को उनका बेटा श्यामू गुप्ता अपनी मां गुड़िया गुप्ता (45) को दवा दिलाने बाइक से बदायूं आया था।

दवा दिलाने के बाद दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। थाना उसावां क्षेत्र में दुर्गा माता मंदिर के पास सड़क पर गड्ढा आया। जैसे ही बाइक का पहिया गड्ढे में गया गुड़िया गुप्ता बाइक से सड़क पर जा गिरीं। गंभीर रूप से घायल हो गई। बदायूं लाते समय महिला की मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन चीत्कार करते हुए पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ये भी पढ़ें- बदायूं: बुजुर्ग की हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल