मुरादाबाद : प्रॉपर्टी डीलर पिता के बाद अब बेटे का मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
प्रॉपर्टी डीलर के बेटे का शव मिलने के बाद परिजन थाने पहुंचे
मुरादाबाद। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में सेक्टर-5 में युवक का शव मिला है। पूरे क्षेत्र के लोगों में सनसनी का माहौल है। शव की पहचान इश्तिकार (22) पुत्र अल्ताफ के रूप में हुई है। मृतक इश्तिकार मोहल्ला बुद्ध बाजार में चामुंडा देवी सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के पास का निवासी है। पांच महीने पहले जनवरी में इश्तिकार के पिता अल्ताफ की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी।
अल्ताफ प्रॉपर्टी डीलर थे। वह दोस्तों संग कलियर घूमने गए थे। दोस्तों ने पुलिस को बताया था कि अल्ताफ का अचानक नहर में पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गए थे। बेटे इश्तिकार की मौत के बाद अब स्वर्गीय अल्ताफ के परिवार में पत्नी शहजादी और बच्चों में शादाब, मैराब, रब्बानी व बेटी रवीना हैं। मौके पर थाना पुलिस घटना का कारण जांचने में जुटी है।
एएसपी/सीओ हाईवे अमरिंदर सिंह और पाकबड़ा थानाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि इश्तिकार की मौत नशे के ओवरडोज से हुई है। चूंकि उसके शव के पास उसका मोबाइल और चप्पल मिले हैं और शव पर चोट जैसे कोई निशान नहीं हैं। परिजन का कहना है कि इश्तिकार गुरुवार सुबह घर से निकला था, फिर लौटकर नहीं आया।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : दबिश देने गई पुलिस को बंधक बनाकर पीटा, दरोगा समेत तीन घायल
