मुरादाबाद : रैली निकालकर मनाया गया विश्व तम्बाकू निषेध दिवस, युवाओं को किया जागरूक
पुरुष पालीटेक्निक परिसर से निकली रैली कांठ रोड होकर महिला पालीटेक्निक में आकर समाप्त हुई
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अन्तर्गत निकली जागरूकता रैली में शामिल जिला अस्तपाल के तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की मनोवैज्ञानिक रीमा यादव, सामजिक कार्यकर्ता श्योवीर सिंह व अन्य
मुरादाबाद। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। प्रोटेक्टिंग द यूथ फ्राम टोबैको इंडस्ट्री इंपरफेरेंस थीम पर युवाओं को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में राजकीय पुरुष पालीटेक्निक से रैली निकाली गई। जिसमें राजकीय पालीटेक्निक के छात्रों ने प्रतिभाग किया। इसका आरंभ अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. भारत भूषण ने किया।
रैली पुरुष पालीटेक्निक परिसर से होकर कांठ रोड होते हुए महिला पालीटेक्निक परिसर में आकर समाप्त हुई। रैली में लोगों को पंफलेट और स्लोगन के माध्यम से तम्बाकू एवं धूम्रपान का सेवन न करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद चलाए गये हस्ताक्षर अभियान को युवाओं पर केंद्रित किया गया। हस्ताक्षर कर यह प्रण लिया गया कि वह भविष्य में कभी भी धूम्रपान एवं तम्बाकू का इस्तेमाल नही करेगें।
इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. कुलदीप सिंह द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में और जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रमुख अधीक्षिका डा. संगीता गुप्ता ने कर्मचारियों, चिकित्सकों और मरीजो को तम्बाकू एवं धूम्रपान छोड़ने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. राजेन्द्र कुमार, जनपद सलाहकार तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. प्रशान्त राजपूत, रीमा यादव मनोवैज्ञानिक काउन्सलर तम्बाकू उन्नमूलन केन्द्र जिला अस्पताल, श्योवीर सिंह सामाजिक कार्यकर्ता तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम, रजनीश चिकित्सालय प्रबन्धक, कुलदीप सक्सेना, दीप्ति यादव एनसीडी काउन्सलर, आकाश चौधरी डीईओ का अहम योगदान रहा।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : फैक्टरी के गार्ड की गोली लगने से मौत, अफरा-तफरी के बीच मचा हंगामा
