बरेली: भीषण गर्मी का सितम, पारा गिरा तो उमस ने किया बुरा हाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। तीन दिन प्रचंड गर्मी के बाद शनिवार को अधिकतम तापमान 3.6 डिग्री गिरकर 41.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया लेकिन इससे लोगों को ज्यादा राहत नहीं मिली। दिन में 60 प्रतिशत आद्रता रहने से भीषण उमस के माहौल ने इसकी कसर पूरी कर दी।

मौसम विभाग के मुताबिक जिले में शनिवार को 41.7 डिग्री का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा था। न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ जो सामान्य से 0.8 डिग्री ज्यादा रहा। सुबह से दोपहर बाद तक आर्द्रता 60 प्रतिशत और शाम को 33 प्रतिशत रिकॉर्ड हुई जिसने उमस बढ़ा दी।

आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक मौजूदा मौसमी परिस्थितियों के अनुसार बूंदाबांदी होने के आसार है। सप्ताह भर अधिकतम तापमान 39-40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 से 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। पांच जून के बाद अधिकतम तापमान फिर बढ़कर 42 डिग्री के आसपास पहुंचने के आसार हैं।

धूप में सूख रहे कपड़े लेने छत पर गई, बेहोश होकर गिर पड़ी
जिला अस्पताल में डॉक्टर ने दी पीजीआई ले जाने की सलाह
 छत पर सूख रहे कपड़े लेने गई एक किशोरी कड़ी धूप की वजह से वहीं बेहोश होकर गिर पड़ी। घरवाले उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने पीजीआई ले जाने की सलाह देकर उनकी धड़कन और बढ़ा दी। आननफानन वे उसे डिस्चार्ज कराकर निजी अस्पताल ले गए।
भूड़ में रहने वाली शोभना सक्सेना के अनुसार उनकी 16 वर्षीय बेटी आयुषी शनिवार दोपहर में छत पर सूख रहे कपड़े लेने गई थी। बहुत देर तक नहीं लौटी तो वे छत पर पहुंची तो पाया कि बेहोश पड़ी है। उसे जिला अस्पताल लाकर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया तो डॉक्टर हालत गंभीर बताकर पीजीआई रेफर करने को कहने लगे। उसे अब निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, सैलानी निवासी आजरा बी को हीट स्ट्रोक के लक्षणों के कारण मंगलवार को हीट स्ट्रोक वार्ड में भर्ती किया गया। शुक्रवार को आजरा को डिस्चार्ज कर दिया गया।

ये भी पढे़ं- बरेली: हर घंटे में कितने आते हैं पर्यटक, जुटाई जानकारी...तीन स्थलों पर सर्वे के लिए पहुंचीं टीमें

संबंधित समाचार