Fatehpur News: डीएफसीसी लाइन पर डाउन से जा रही मालगाड़ी हुई बेपटरी...लाइन दुरुस्त करने का प्रयास जारी
फतेहपुर में बेपटरी हुई मालगाड़ी
फतेहपुर, अमृत विचार। रविवार की भोर पहर डीएफसीसी लाइन पर डाउन से जा रही मालगाड़ी बेपटरी हो गई। जिसकी जानकारी मिलने पर सम्बंधित विभागों के अफसरों ने पहुंचकर लाइन को दुरुस्त कराने का प्रयास शुरू कर दिया।
बताया जाता है कि लाइन को शुरू करने में अनुमानित 12 घंटे का समय लग सकता है।
डीएफसीसी के कटोघन रेलवे स्टेशन पर डाउन लाइन से जा रही डीएससीएस मालगाड़ी रविवार की भोर पहर करीब 05:17 बजे बेपटरी हो गई। मालगाड़ी का डिरेलमेंट होने के बाद सम्बंधित विभागों के अफसरों ने पहुंचकर मालगाड़ी को पटरी से उठाने का प्रयास शुरू कर दिया।
बताते हैं कि ब्रेकवान से 34वें वैगन के बेपटरी हो जाने की सूचना पर लाइन बाधित होने से अन्य ट्रेनों को जहां का तहां खड़ा कर दिया गया। वहीं क्रेन की मदद से कर्मचारियों सहित इंजीनियरों व अन्य विभागीय अफसरों की देखरेख में राहत का काम शुरू कराया गया है।
वहीं हादसे की जानकारी मिलने के बाद प्रयागराज के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। साथ ही हादसे का कारण जानने के लिए ज्वाइंट टीम को लगाया गया है।
