गोंडा: इनकमिंग फीडर में खराबी से 10 घंटे तक गुल रही इटियाथोक की बिजली,  23 हजार लोगों ने झेली भीषण गर्मी  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटियाथोक/ गोंडा, अमृत विचार। इटियाथोक पावर हाउस का इनकमिंग फीडर ओवरलोड होने के कारण रात दो बजे अचानक बैठ गया। फीडर में आई खराबी से पूरे इलाके की बिजली गुल हो गयी। करीब 23 हजार बिजली उपभोक्ता कई घंटे तक बिजली न मिलने से हलकान रहे। उपभोक्ताओं के आक्रोश को देखते हुए रविवार दोपहर बाद वैकल्पिक व्यवस्था कर आपूर्ति बहाल की गयी। फिलहाल फीडर की मरम्मत का काम चल रहा है। बिजली विभाग के अफसरों का कहना है फीडर में आई तकनीकी खराबी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है‌। देर शाम तक उसे ठीक कर लिया जायेगा। 

नौतपा में पड़ रही भीषम गर्मी के बीच जिले की बिजली व्यवस्था भी पटरी से उतर गयी है। बिजली की बढ़ी खपत के कारण पावर हाउस की मशीनों ओवरलोड होकर खराब हो रही हैं और जिससे आपूर्ति में बाधा पहुंच रही है‌। मेहनौन क्षेत्र के धानेपुर, मेहनौन व इटियाथोक उपकेंद्र सबसे अधिक प्रभावित हैं। मेहनौन उपकेंद्र जाने वाली अंडरग्राउंड केबिल एक सप्ताह में दो बार जल चुकी है। वहीं रविवार की सुबह करीब दो बजे इटियाथोक उप केंद्र का इनकमिंग फीडर ओवरलोड के चलते अचानक बैठ गया। इस खराबी के कारण इटियाथोक उपकेंद्र से संचालित होने वाले पावर हाउस ईस्ट, साउथ, बलरामपुर, खरगुपुर और पेट्रोल पम्प के नाम से कुल पांच फीडरों की बिजली गुल हो गयी और पूरे इलाके में अंधेरा छा गया। रात में बिजली कर्मियों ने फीडर की मरम्मत का काम शुरू किया लेकिन सुबह 11 बजे तक उसकी खामी नहीं पकड़ सके।

उपभोक्ताओं के आक्रोश को देखते हुए दोपहर बाद वैकल्पिक व्यवस्था कर पावर हाउस को दूसरी लाइन से जोड़ा गया और आपूर्ति बहाल की गयी। इस दौरान करीब 10 घंटे तक उप केंद्र के 23 हजार उपभोक्ता हलकान रहे। उपकेंद्र के अवर अभियंता अजय गुप्ता ने बताया की ओवरलोड के चलते रात मे पावर हाउस के इनकमिंग फीडर में तकनीकी खराबी आ गई है। उसे ठीक कराया जा रहा है।

13 - 2024-06-02T155634.032

क्षमता से अधिक पड़ रहा लोड, ओवरहीटिंग से हो रही समस्या
नौतपा में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण बिजली की खपत बढ़ी है। इस बढ़ी खपत से ओवरलोडिंग और लो वोल्टेज की समस्या हो रही है‌। जिसके चलते लोगों को अघोषित बिजली कटौती का सामना भी करना पड़ रहा है। क्षमता से अधिक लोड होने पर लाइन में खराबी के साथ एबीसी केबल व ट्रांसफार्मर में आग लगने की घटनायें भी हो रही हैं। साथ ही पावर हाउस के उपकरण भी अधिक गर्म हो रहे है।

इटियाथोक उप केंद्र के अवर अभियंता अजय कुमार का कहना है कि पावर हाउस में दो ट्रांसफर्मर लगे हैं। 10 एमवीए ट्रांसफॉर्मर की क्षमता 525 एंपियर है लेकिन शाम को इसका लोड 600 एंपियर के पार चला जा रहा है‌। इसी प्रकार 5 एमवीए ट्रांसफर्मर की क्षमता 262 एंपियर है। शाम को इसका लोड 270 एंपियर के पार हो रहा है। अधिक लोड पड़ने से पावर हाउस का दोनों ट्रांसफर्मर हीट हो रहे हैं। इन्हे सुरक्षित रखने के लिए बिजली कटौती करनी पड़ रही है। वहीं दूसरी तरफ शाम को अधिक लोड बढ़ने से लाइन खराबी, लो वोल्टेज, सिंगल फेसिंग, तार टूटना, जम्पर कटना आदि समस्यायें भी हो रहीं है‌ं। फिलहाल बिजली कर्मी लगातार इन खामियों को दुरुस्त करने में जुटे हैं।

ये भी पढ़ें -अयोध्या: स्पोर्ट्स फॉर स्कूल के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू करने के आदेश

संबंधित समाचार