मुरादाबाद : पहले शादी का झांसा, फिर ब्लैकमेल कर करता रहा दुष्कर्म...दो भाइयों समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मुरादाबाद, अमृत विचार। पहले तो युवक ने शादी का झांसा दिया, फिर ब्लैकमेल कर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है। भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती ने पुलिस को बताया है कि तीन साल पहले उसकी जान पहचान रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र के गांव सिंगनी निवासी आजम से हुई थी। आरोपी ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। बाद में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया।
पीड़िता की अश्लील फोटो-वीडियो बना ली थी। सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर आरोपी बीते करीब तीन साल से उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब भी वह शादी के लिए कहती तो आरोपी टालमटोल कर देता। पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि आरोपी ने होटल में ले जाकर अश्लील वीडियो दिखाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
27 मई 2024 की शाम करीब छह बजे वह घर पर अकेली थी। परिवार वाले खेत गए थे। उसी समय आजम घर आ गया और उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अपने साथ गांव ले गया। रास्ते में सिंगनी गांव से पहले एक नलकूप पर ले जाकर भी उसके साथ संबंध बनाए थे। पीड़िता ने बताया कि आरोपी अपने घर ले गया तो वहां उसके पिता मोहम्मद अहमद, बहन समसा व शबाना ने उसे देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी थी। उसके भाई गुलफाम और इमरान ने पीड़िता के साथ मारपीट और छेड़छाड़ की। साथ ही धमकी देकर कहा कि आजम का पीछा छोड़ दे नहीं तो जान से मार देंगे।
इन लोगों ने पीड़िता को धक्के देकर घर से निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता ने 112 पर कॉल कर मदद मांगी थी। पुलिस के आने से पहले आरोपी वहां से भाग निकले थे। बाद में रामपुर के सैदनगर पुलिस चौकी प्रभारी ने पीड़िता के परिजनों को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया था। इसके बाद पीड़िता भोजपुर थाने पर पहुंची और वहां उसने आरोपियों के विरुद्ध तहरीर दी थी। सीओ ठाकुरद्वारा राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर भोजपुर थाना पुलिस ने आरोपी आजम, उसके पिता, दो बहनों और दो भाइयों समेत छह के खिलाफ दुष्कर्म, छेड़छाड़, मारपीट, धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : सुपारी किलर के फोन से जिपं सदस्य के परिवार में दहशत, पहचान करने में जुटी पुलिस
