बाराबंकी: एग्जिट पोल के आंकड़े देख भाजपाई खुश, जश्न की तैयारी-कल आएगा परिणाम 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। सातवें चरण का मतदान समाप्त होने के बाद विभिन्न न्यूज चैनलों पर शुरु हुए एग्जिट पोल के आंकड़े देख जिले में भाजपाईयों में खुशी दौड़ गई है। चार जून को जीत की खुशी मनाने के लिए अभी से तैयारी शुरू हो गई है। सूत्रों की मानें तो लड्डू के आर्डर तक दे दिए गए हैं। हालांकि बाराबंकी सीट पर जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा यह तो कल दोपहर तक मालूम ही हो जाएगा। वहीं गठबंधन दल के नेता एग्जिट पोल के आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए इसे नकार रहे हैं और कह रहे हैं कि मतदाताओं का आर्शीवाद गठबंधन प्रत्याशी को हीमिलेगा। एग्जिट पाेल के यह आंकड़ें बदल जाएंगे।

भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल के आंकलन को देखते हुए भाजपा जिला इकाई के पदाधिकारियों, नेताओं व समर्थकों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है।  जिस तरह न्यूज चैनलों पर शनिवार की शाम से शुरू हुए एग्जिट पोल में हर न्यूज चैनल द्वारा देश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनती दिखाई जा रही है उसे लेकर भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी अपनी जीत मानने लगे हैं। और यह दावा कर रहे हैं कि बाराबंकी लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी राजरानी रावत एक बड़े अंतर से जीत कर आ रही हैं। सूत्रों की मानें तो कुछ भाजपाईयों ने जीत की खुशबू मिलते ही लड्डूओं का आर्डर तक दे दिए हैं। लेकिन जिले के मतदाताओं का आर्शीवाद किसे मिला यह तो कल दोपहर तक मालूम हो ही जाएगा। साथ ही एग्जिट पोल में कितना दम रहा इसका भी पता चलेगा। वहीं शहर के नवीनमंडी स्थल पर कल होने वाले मतगणना को लेकर भाजपा ने विधानसभावार टेबुल के अनुसार एजेंटों की तैनाती कर दी है साथ ही उन्हें किस तरह बूथवार आंकड़े अपने पास दर्ज करना है। इसके संबंध में एजेंटों को प्रशिक्षित भी कर दिया है साथ ही इनके पास भी बनवाने में लगे हैं क्योंकि मतगणना स्थल पर सिर्फ पास धारकों को ही जाने की अनुमति होगी। वहीं गठबंधन प्रत्याशी द्वारा भी अपने एजेंटों को बारिकी से मतगणना को लेकर पाठ पढ़ाया गया है ताकि कहीं से कोई धांधली न हो सके। 

भाजपा की जीत पक्की
पार्टी के सभी एजेंटों को बिंदुवार मतगणना का प्रशिक्षण दिया गया है। एग्जिट पोल  में भाजपा की बढ़त पर पदाधिकारियों ने खुशी जाहिर की है। कार्यकर्ता व समर्थकों में भी खुशी की लहर दिख रही है। न्यूज चैनलों में जो आंकड़े दिखाए जा रहे हैं उससे भाजपा को प्रचंड बहुमत मिल रहा है। बाकी कल मतगणना में भाजपा प्रत्याशी की जीत पक्की हो जाएगी।
अरविंद मौर्या, जिलाध्यक्ष भाजपा।

भारी अंतर से जीतेंगे तनुज
न्यूज चैनलों के आंकड़ों को पार्टी नहीं मानती। मतदाताओं ने गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में जमकर वोट किया है। कांग्रेस प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित हैं। भारी अंतर तनुज पुनिया चुनाव जीत रहे हैं। कल मतगणना में तस्वीर साफ हो जाएगी और यह आंकड़ें बदल जाएंगे। इसमें शक की कोई गुंजाइश नहीं है।
-मोहम्मद मोहसिन, जिलाध्यक्ष कांग्रेस।

ये भी पढ़ें -हरदोई: दहेज के लिए हुई बहू की हत्या, ससुरालियों पर केस दर्ज

संबंधित समाचार