बाराबंकी: कल सुबह 4 बजे होगा तीसरा रेंडमाइजेशन, आठ बजे से शुरू होगी मतगणना 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव की कल होने वाली मतगणना को लेकर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष रुप से नामित की गई एक और प्रेक्षक रीना महापात्रा ने सामान्य प्रेक्षक आरआर दामाेर और जिला निर्वाचन मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार समेत संबंधित अधिकारियों संग बैठक की और मतगणना संबंधी तैयारियों को फीडबैक लिया। वहीं आज मतगणना कार्मिकों का दूसरा रेंडमाइजेशन पूरा हुआ। जबकि चार जून की सुबह चार बजे तीसरा रेंडमाइजेशन होने के बाद आठ बजे से मतगणना शुरु होगी। दूसरे रेंडमाइजेशन में 110 प्रतिशत कार्मिक लिए गए। 

कल कार्मिक और अधिकारियों को छह बजे मतगणना स्थल नवीनमंडी पहुंचना है। सुबह आठ बजे से 2615 ईवीएम की मतगणना शुरू होगी। मतगणना के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रवार 16-16 मेजें लगाई गई हैं। इसमें ईवीएम से मतगणना के लिए 14-14 टेबल लगाई गई हैं। एक टेबल बैलेट पेपर और एक माइक्रो आब्जर्वर के लिए लगाई गई हैं। एक मेज पर पर्यवेक्षक, माइक्रो आब्जर्वर, मतगणना सहायक और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी लगेगा। एक साथ 84 बूथों के ईवीएम की मतगणना होगी। 

प्रेक्षकों ने कहा कि सुबह छह बजे सभी कार्मिक आकर अपनी ड्यूटी स्लिप ले लें। कहीं भी कोई कमी न आए। मतगणना हर हाल में आठ बजे से शुरू कर दी जाए। अभिकर्ता और प्रत्याशी मतगणना स्थल तक मोबाइल न ले जा पाएं, इसके लिए अलग से गेट पर टेंट लगाकर व्यवस्था की जाए। मीडिया कर्मियों को सिर्फ उनके सेंटर तक ही मोबाइल या कैमरा ले जाने दिया जाए। इस मौके पर एसपी दिनेश कुमार सिंह, सीडीओ अन्ना सुदन, एडीएम अरुण सिंह, पीओ डूडा सौरभ त्रिपाठी, डीपीआरओ नितेश भोंडेले समेत कई संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें -अखिलेश ने एग्जिट पोल की विश्वसनीयता पर उठाये सवाल, बोले-BJP के पक्ष में माहौल बना रहीं एजेंसियां

संबंधित समाचार