काशीपुर: दहेज उत्पीड़न के मामलों में पति सहित नौ पर मुकदमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। दहेज के दो मामलों में कार की डिमांड पूरी न करने पर ससुरालियों ने विवाहिताओं का उत्पीड़न कर उन्हें घर से निकाल दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में पति समेत 9 लोगों के खिलाफ दहेज अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

मोहल्ला थाना साबिक निवासी एक महिला ने बताया कि उसका विवाह वर्ष 2021 को मुस्लिम रीति रिवाज के साथ अफसर निवासी अफजलगढ़ जिला बिजनौर के साथ हुआ था। शादी के दो माह बाद पति व ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट करने लगे और दहेज में आर्टिका कार व 3 लाख रुपये की मांग करते हुए उत्पीड़न शुरू कर दिया। महिला ने आरोप लगाया कि पति ने तलाक देने की धमकी भी दी। इस बीच उसके भाई ने तीन लाख रुपये उधार लेकर पति को भी दिये।

इसके बाद भी उसके पति व ससुरालियों को व्यवहार नहीं बदला। दहेज में कार की मांग करने लगे। महिला ने पति व ससुरालियों पर 45 दिन का गर्भ गिराने का आरोप लगाया। साथ ही महिला ने पति पर फोन पर ही तीन तलाक देने का आरोप भी लगाया।

उधर एक अन्य मामले में सुभाष नगर निवासी एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह वर्ष 2023 में ग्राम मडैया निवासी संजीव कुमार के साथ हुआ था। विवाह के कुछ दिन बाद पति व ससुराली कम दहेज लाने का ताना देने लगे और दहेज में कार की मांग करते हुए उसका उत्पीड़न करने लगे। महिला ने आरोप लगाया कि 9 फरवरी 2024 को उसके पति व ससुरालियों ने उसे घर से निकाल दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने पतियों सहित नौ लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

संबंधित समाचार