गोंडा: घर के बाहर खेल रहा मासूम पानी भरे गड्ढे में गिरा, डूबने से मौत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मनकापुर/गोंडा, अमृत विचार। मनकापुर क्षेत्र के ग्रामसभा बेनीपुर के मजरा बघमरवा में सोमवार को एक डेढ़ वर्षीय मासूम पानी के लिए बने गड्ढे में गिर गया‌ और उसकी डूबकर मौत हो गयी। पिता की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

मनकापुर क्षेत्र के ग्रामसभा बेनीपुर के मजरा बघमरवा में नंदन राजभर के घर के सामने सरकारी हैंडपंप लगा हुआ है। हैंडपंप के पानी को रोकने के लिए बदल में ही गड्ढा बनाया गया है। इस गड्ढे में हमेशा पानी भरा रहता है। सोमवार को नंदन का  डेढ़ वर्षीय‌ बेटा अंश घर के बाहर खेल रहा था। खेलते खेलते वह हैंडपंप की तरफ चला गया और पानी भरे गड्ढे में गिर गया। गड्ढे में गिरने से मासूम अंश की डूब कर मौत हो गयी। अंश के पिता नंदन ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूर है। सुबह अपने काम पर जाने के लिए घर मे तैयार हो रहा था। बेटा अंश घर के बाहर खेल रहा था। उसकी पत्नी लक्ष्मी देवी खेत गयी थी। वापस आने पर अंश को घर के बाहर न देखकर आस पास तलाश करने लगी। घर के सामने लगे सरकारी नल के बगल बने पानी के गड्ढे में अंश डूबता हुआ दिखाई दिया। पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोगो ने पहुंच कर अंश को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। नंदन की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि पिता की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।‌

मासूम की मौत से परिवार का रो रोकर बुरा हाल
मासूम अंश की मौत से नंदन के परिवार में कोहराम मचा है। मृतक अंश नंदन के 6 बच्चों में सबसे छोटा था। नंदन राजभर दैनिक मजदूरी कर अपने पत्नी व बच्चों का भरण पोषण करता है। उसकी बड़ी बेटी कोमल 12 वर्ष की है। बेटा बीरू(8) एक पैर से दिव्यांग है। आरती(7) आँचल(5) व काजल(3) के बाद अंश पैदा हुआ था। अंश की मौत से मां लक्ष्मी और अन्य भाई बहनों का रो रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें -प्रयागराज: मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज में दो छात्रों से रैगिंग, चार छात्र निष्कासित

संबंधित समाचार