हल्द्वानी: कुत्ते के काटने के बाद किशोर ने परिवार को काटा, कुछ घंटे बाद मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। 12 वर्षीय एक किशोर को पागल कुत्ते ने काट लिया। उस पर रेबीज का असर हुआ तो उसने परिवार के लोगों को काटना शुरू कर दिया। जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।   

वार्ड नंबर तीन संजय नगर रुद्रपुर निवासी गोविंद सरकार मजदूरी करता है। वह यहां मां, पत्नी और तीन लड़कों के साथ रहता है। उसके 12 वर्षीय बड़े पुत्र विक्की  की मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक 10 दिन पहले विक्की को एक पागल कुत्ते ने काट लिया था, लेकिन परिवार इस बात से अंजान था।

रविवार की सुबह से ही विक्की लोगों को काटने के लिए दौड़ने लगा। विक्की ने अपने पिता गोविंद की अंगुली में भी काट लिया। इसके बाद उसने अपने दोनों छोटे भाइयों को भी काट लिया। बेकाबू विक्की को किसी तरह काबू कर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। विक्की के मुंह से लगातार लार निकल रही थी और कुत्तों की तरह हरकतें कर रहा था।

जिला अस्पताल रुद्रपुर में हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया, लेकिन यहां दो घंटे उपचार के बाद ही उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने गोविंद को हिदायत दी कि वह खुद और दोनों बच्चों को भी रेबीज के इंजेक्शन लगवाएं। 

संबंधित समाचार