अल्मोड़ा: मुनस्यारी में आकाशीय बिजली से 80 बकरियों की मौत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलता और बिगड़ता जा रहा है। रविवार देर शाम प्रदेश के सीमांत जिले पिथौरागढ़ के मुनस्यारी विकास में अचानक तेज अंधड़ और तूफान आ गया। इस दौरान विकास खंड के विभिन्न गांवों के पशुपालकों की करीब 80 बकरियां आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई और उनकी मौत हो गई। जिसके बाद पशुपालक खासे निराश हैं। 

रविवार देर शाम मुनस्यारी विकास खंड के होकरा, गोला, खोयम गांव निवासी जसमल सिंह, गंगा सिंह, किशन सिंह, सुर सिंह, जगदीश सिंह और मान सिंह अपनी बकरियों को चराने के लिए पास के जंगल में ले गए थे। इसी बीच अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ गया और तेज अंधड़ के साथ तूफान आने लगा।

इस बीच तेज गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरी और जंगल में चर रही करीब 80 बकरियों की मौत हो गई। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता भगत वाछमी ने बताया कि यह ग्रामीण पशुपालन कर अपने परिवार को गुजर बसर करते थे। लेकिन अचानक हुई इस घटना के बाद इन पशुपालकों की कमर टूट गई है। वाछमी ने कहा है कि इस घटना से किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। जिस कारण अब उनकी आजीविका प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है। वाछमी ने जिला प्रशासन से प्रभावित पशुपालकों को आपदा मद से मुआवजा दिए जाने की मांग की है। ताकि उनकी आजीविका प्रभावित न हो सके। 

संबंधित समाचार