रुद्रपुर: फायरिंग मामले में भाजपा कार्यकर्ता सहित आठ पर मुकदमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। एक जून को अपने साथियों के साथ मिलकर कारोबारी के घर पथराव और फायरिंग प्रकरण में भाजपा नेता सहित आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कस्तूरी वाटिका बिगवाड़ा निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2023 में उसने अरुण खुराना उर्फ सोनू खुराना निवासी श्यामा गार्डन भूरारानी के साथ पार्टनरशिप में कारोबार शुरू कर दिया। जिसको लेकर दोनों के बीच पिछले लंबे समय से विवाद भी चल रहा है। आरोप था कि एक जुलाई की रात्रि ढाई बजे सोनू खुराना जो कि भाजपा का कार्यकर्ता भी हैं। अपनी पत्नी शिवानी खुराना, साथी अरुण अरोरा, विक्की मुंजाल, नीरज बाजपाई, अभिनव बाजपाई, साहिल व एक अज्ञात युवक के साथ घर पर आये और अभद्रता करते हुए पथराव शुरू कर दिया।

इस दौरान उनकी पत्नी के पेट में पत्थर लगने से उसकी हालत बिगड़ गई और भयभीत होकर परिवार छत पर चला गया। जहां से वीडियो बनाने से बौखलाए भाजपा नेता सोनू खुराना ने हवाई फायर कर इलाके में दहशत पैदा की। जब कॉलोनी के लोग एकत्रित होने लगे तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। कारोबारी ने थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आठ नामजद व एक अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, थाना ट्रांजिट कैंप प्रभारी भारत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के आधार पर हमलावरों की तलाश कर जांच कर रही है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। 

संबंधित समाचार