अल्मोड़ा: भारी बारिश से सेराघाट मार्ग बंद, कई गांवों का संपर्क कटा
अल्मोड़ा, अमृत विचार। बुधवार रात हुई तेज बारिश के कारण अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ मार्ग पर सेराधाट कुंजकिमौला मोटर मार्ग पर भूस्खलन के कारण मलबा आ गया। जिस कारण क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क मुख्य मार्ग से कट गया। जिस कारण हजारों ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गुरुवार को इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकी। बुधवार की देर रात सेराघाट क्षेत्र में जोरदार बारिश हुई। बारिश के कारण ढानखेत, सल्ला भाटकोट व कोटयूड़ा के पास भूस्खलन हो गया और मार्ग अवरुद्ध हो गया। मार्ग के बंद होने के कारण क्षेत्र के तल्ली नाली, मल्ली नाली, तरुला, सल्यूड़ी, ल्वैटा, उमेर, जिंगल, सल्ला भाटकोट, नायल, कुंज किमौला, हरड़ा, न्योली समेत दो दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क मुख्य मार्ग से कट गया है। मार्ग बंद होने के कारण लोगों को मुख्य मार्ग तक पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मार्ग को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग की है।
तेज अंधड़ में मकान पर गिरा पेड़
बुधवार की शाम जिला मुख्यालय समेत अनेक विकास खंडों में आए तेज अंधड़ के कारण अनेक स्थानों पर नुकसान हुआ है। जिले के चौखुटिया विकास खंड में तेज अंधड़ के कारण एक विशालकाय पेड़ एक आवासीय मकान के ऊपर जा गिरा। जिस कारण भवन को नुकसान पहुंचा है।
बुधवार की शाम अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ गया और तेज अंधड़ और तूफान चलने लगा। इस दौरान चौखुटिया के ग्राम दिकोत निवासी विष्णु दत्त फुलेरिया पुत्र नारायण दत्त के मकान के ऊपर एक विशाल पेड़ गिर गया। सूचना पर थानाध्यक्ष चौखुटिया जसविंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। विशाल तुन का पेड़ आंधी एवं बारिश के कारण मकान के ऊपर गिर गया था।
जिससे मकान का कुछ भाग क्षतिग्रस्त हो गया तथा घर का प्रवेश द्वार बाधित हो गया था। जिस कारण घर में निवास कर रहे लोग दहशत में आ गए थे। पुलिस ने वुडन कटर की मदद से पेड़ की टहनियों को काटकर मकान तथा प्रवेश द्वार से हटाया गया। प्रभावित परिवार ने मकान को हुए नुकसान की जानकारी राजस्व विभाग के कर्मचारियों को दी है।
इधर बुधवार की देर शाम माल रोड के खुकरी गेट के पास भी तेज अंधड़ के कारण एक विशालकाय पेड़ मुख् मार्ग पर आ गिरा। जिस कारण इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर सैंकड़ों वाहन जाम में फंस गए। आनन फानन में इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी गई। जिसके बाद फायर कर्मी मौके पर पहुंचे और मशीनों की मदद से पेड़ को काटकर मार्ग को सुचारू किया गया।
तूफान से कई पेड़ और बिजली के पोल उखड़े, गांवों में छाया अंधेरा
बुधवार को सायं समय तूफान ने क्षेत्र में तबाही मचा दी। तूफान से कई पेड़ उखड़ हो गए। इनकी चपेट में आने से नगर व चिलियानौला को विद्युत सप्लाई करने वाली मैन लाइन पर पेड़ गिरने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूर्ण रूप से ठप हो गई। चिलियानौला में विगत साय समय से विद्युत आपूर्ति भंग होने से लगभग 15 गांव इससे प्रभावित हो गए हैं। गनियादयोली के पास मैन लाइन पर पेड़ गिरने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूर्ण रूप से ठप हो गई।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ताड़ीखेत, सोनी, चिलियानौला व रानीखेत क्षेत्र में 6 जिसमें तीन पेड़ गनियादयोली, दो पेड़ चिलियानौला और एक पेड़ सौनी में तथा एक पेड़ रानीखेत के कालू सैयद बाबा की मजार के पास तूफान की चपेट में आकर गिर पड़े। विद्युत विभाग से मिली जानकारी के अनुसार लाइनों को ठीक करने का कार्य किया जा रहा है। विद्युत आपूर्ति जल्द से चालू कर दी जाएगी।
