बरेली: नालों का हाल देखकर नाराज हुए मेयर, ठीक से सफाई किए बगैर नालों के किनारे ही डाल दी गई थी सिल्ट
एई, जेई और ठेकेदारों को दी शासन को लिखने की चेतावनी
बरेली, अमृत विचार : बरसात का मौसम सिर पर आ गया है लेकिन नगर निगम के अफसरों की बेपरवाही की वजह से नालों की सफाई का काम जहां के तहां अटका पड़ा है। चुनाव के नतीजे आने के बाद इस मुद्दे पर बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री ने अफसरशाही के पेच कसे तो मेयर उमेश गौतम भी शहर में नालों का हाल देखने निकले। कई जगह नाले साफ न होने और कई नालों की सफाई के बाद सिल्ट जहां के तहां छोड़ दिए जाने पर उन्होंने निर्माण विभाग के इंजीनियरों पर कड़ी नाराजगी जताई। चेतावनी दी कि एक सप्ताह के अंदर काम पटरी पर न आया तो वह शासन से शिकायत करेंगे।
बारिश का मौसम नजदीक होने के बावजूद शहर में नालों की सफाई पर नगर निगम का निर्माण विभाग गंभीर नहीं है। नगर आयुक्त के आदेश की अवहेलना कर चीफ इंजीनियर दस दिन के मेडिकल अवकाश पर चले गए है। इससे नालों की सफाई का काम और धीमा हो गया है। बृहस्पतिवार को मेयर उमेश ने कई स्थानों पर नालों का निरीक्षण किया। इस दौरान नालों की सफाई में लापरवाही और उनसे निकाली गई सिल्ट को सड़क किनारे छोड़ देने पर उन्होंने निर्माण विभाग के इंजीनियरों पर कड़ी नाराजगी जताई।
मेयर नालों का हाल देखते हुए सतीपुर, जाटवपुरा, सेटेलाइट और नकटिया नदी रोड पर पहुंचे। ज्यादातर जगह सिल्ट जहां की तहां पड़ी हुई थी। इस पर उन्होंने ठेकेदारों को चेतावनी दी कि अगर लोग परेशान हुए मजबूर होकर कार्रवाई करनी पड़ेगी। मेयर के सामने इलाके के लोगों ने भी नालों की ठीक से सफाई न किए जाने की शिकायतों का अंबार लगा दिया। आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाए बगैर नाला सफाई का दिखावा किया जा रहा है। इस लापरवाही के कारण अभी से कई जगह पानी भरने लगा है। मेयर ने तुरंत अतिक्रमण हटाने और विशेष अभियान चलाकर सिल्ट उठाने का निर्देश दिया। कहा, अगर 12 जून तक ठीक से सफाई नहीं हुई तो वह शासन को पत्र लिखेंगे।
सूचना देने पर भी नहीं पहुंचे एक्सईएन
मेयर ने नालों का निरीक्षण करने से पहले ही सभी संबंधित अधिकारियों को सूचना भिजवा दी थी। निरीक्षण के दौरान निर्माण विभाग के दूसरे इंजीनियर और कई अधिकारी तो पहुंचे लेकिन एक्सईएन सूचना के बावजूद नहीं आए। चीफ इंजीनियर नालों की सफाई से ऐन पहले छुट्टी जा चुके हैं। मेयर ने एक्सईएन के न आने पर नाराजगी जताते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा है।
डेलापीर चौराहे से अतिक्रमण हटाया
अतिक्रमण विरोधी अभियान के प्रभारी ललतेश कुमार सक्सेना की अगुवाई में बृहस्पतिवार को नगर निगम की टीम डेलापीर चौराहे पर पहुंची जहां अतिक्रमण को हटाया गया। टीम को देखकर कुछ ठेले वाले पहले ही अपना सामान समेटकर भाग गएं।
ये भी पढ़ें- बरेली: सरकारी कागजों में ही लहलहाकर रह गईं पोषण वाटिकाएं, अब पूरे जिले में कहीं नामोनिशान नहीं...जानिए मामला
