बाराबंकी: जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में मरीजों की सिर्फ सीबीसी की हो पा रही जांच
बाराबंकी, अमृत विचार। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में इस समय सिर्फ सीबीसी की ही जांच हो पा रही है। मशीन खराब होने की वजह से बीमारी की जांच के लिए चिकित्सकों द्वारा लिखे गए पर्चे को लेकर मरीज जब पैथोलॉजी पहुंचता है ,तब उसे मालूम पड़ता है कि यहां सिर्फ सीबीसी की ही जांच हो सकती है। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में एलएफटी , केएफटी, शुगर, डेंगू मलेरिया, टाइफाइड, सहित अन्य तमाम जांचे पैथोलॉजी में मशीन खराब होने की वजह से 6 जून से नहीं हो पा रही है। दूर-दराज से आए मरीजों की जांच ना हो पाने की वजह से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विवश होकर मरीज बाहर की पैथोलॉजी पर जांच करने जा रहें है जहां पर उन्हें जांच के लिए मोटी रकम खर्च करनी पड़ रही है।
जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में रोजाना डेढ़ से दो सौ मरीज ब्लड सैंपल देकर चिकित्सकों की सलाह पर जांच कराने पहुंचते हैं। मशीन खराब होने की वजह से अब इन मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों का कहना है बिना जांच रिपोर्ट के चिकित्सक आगे का इलाज करने को मना कर रहे हैं।

बुलाये गए हैं एक्सपर्ट
इस बारे में सीएमएस डॉक्टर बृजेश कुमार से बात हुई तो उन्होंने बताया मशीनों को ठीक करने के लिए एक्सपर्ट को बुलाया गया है। उम्मीद है जल्द ही मशीन ठीक होने पर मरीजों की जांच शुरू हो जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि उच्चाधिकारियों को मशीनों के बढ़ने का प्रस्ताव भेजा गया है। मशीनों पर वर्कलोड ज्यादा होने के वजह से ऐसी दिक्कतें आ जाती है। जिससे मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है ।
ये भी पढ़ें -मानसून आने से पहले पुलिया निर्माण में लापरवाही, बेहद धीमी गति से हो रहा काम-ग्रामीणों में बेचैनी
