UP Weather: कल से झुलसाएगी गर्मी, लू चलने की भी संभावना, 45 डिग्री तक जा सकता है अधिकतम तापमान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ और आसपास जनपदों में रविवार से फिर गर्मी बढ़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक जा सकता है। मौसम वैज्ञानिक लू चलने का भी अनुमान लगा रहे हैं। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर में गर्मी अधिक होने से कुछ सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। धीमी हवा चलने से न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी नहीं हुई। न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री रिकार्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिक एम दानिश के मुताबिक, हवा की रफ्तार 20-25 किमी प्रति घंटे रिकार्ड की गई। शुक्रवार से 4 दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के ऊपर से गुजर रही ट्रफ लाइन को नमी मिलने से एक दिन पूर्व बारिश के हालत बने।

अरब सागर की ओर से आ रही पछुआ हवा की नमी और बंगाल की खाड़ी की पुरवा हवाओं से मौसम को आद्रता मिली है। दोनों ओर की हवा के टकराव से मौसम में बदलाव हो रहे हैं। मौसम वैज्ञानिक एम दानिश ने बताया कि अभी मानसून आने में समय है। बीते दिन हुई बारिश की वजह से वातावरण में धूल के कण साफ हो गए हैं। इससे सूरज की किरणें सीधे धरती पर पड़कर तापमान में बढ़ोतरी कर सकती हैं।

प्रदेश में झांसी जनपद रहा सबसे गर्म

प्रदेश में झांसी जनपद सबसे गर्म रहा। वहां का तापमान 45.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। दूसरे नंबर पर प्रयागराज रहा, वहां अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। कानपुर देहात का तापमान 45.1, बरेली और आगरा जनपद का 44.4 डिग्री दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें:-प्रतापगढ़: मदरसा संचालक मौलाना फारूक की धारदार हथियार से मारकर निर्मम हत्या, गांव में तनाव

संबंधित समाचार