बिजली की जद्दोजहत : 50 हजार की आबादी ने झेला 12 घंटे की कटौती का दर्द        

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

चौक व नियावां हर दो-दो मिनट पर बिजली ट्रिपिंग से हाहाकार, जलापूर्ति भी रही बाधित, नलकूप दे गए दगा

अयोध्या, अमृत विचार । भीषण गर्मी में लड़खड़ाई बिजली आपूर्ति व्यवस्था अभी तक नहीं संभल पाई है। मई के पूरे 31 दिनों के दौरान जहां लोगों को 12 दिन भी सुचारू रूप से आपूर्ति नहीं मिल पाई वहीं जून में अब तक सात दिन में 32 बार कटौती का दंश लोगों को झेलना पड़ रहा है। शुक्रवार रात तो बिजली कटौती का रिकॉर्ड ही टूट गया। नियावां और चौक क्षेत्र के पचास हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने 12 घंटे से अधिक की अभूतपूर्व बिजली कटौती का दर्द और दंश झेला। हालत यह है कि दोनों उप केन्द्रों द्वारा ट्रिपिंग का भी रिकार्ड बनता जा रहा है। हर दो मिनट पर दस-दस मिनट की बिजली ट्रिपिंग से हाहाकार सा मचा हुआ है।

भीषण गर्मी में न जिले की और न ही नगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति में सुधार हो रहा है। खासकर शहरी क्षेत्र में ट्रिपिंग की यह हालत है कि लोगों को रोजमर्रा के काम के लिए दिक्कत उठानी पड़ रही है। घरों में विघुत उपकरण ठीक से नहीं चल रहे हैं तो जलापूर्ति का संकट भी झेलना पड़ रहा है। खास कर नगर के सबसे बड़े विघुत उप केन्द्र चौक से बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है। पहले से ओवरलोड चल रहे इस उपकेन्द्र की यह हालत है कि हर दो मिनट पर हैदरगंज, अंगूरीबाग रोड, आवास विकास, राठहवेली और ठठहरिया इलाके का फीडर आउट हो जा रहा है।

शुक्रवार रात इन इलाकों में दस बजे तक सामान्य आपूर्ति रही, लेकिन साढ़े दस बजे से ट्रिपिंग और कटौती का सिलसिला शुरू हुआ तो शनिवार को आठ बजे सुबह कुछ हालात सुधरे। चौक से जुड़े करीब 37 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को पूरी रात करवट बदल-बदल कर और टहल टहल कर गुजारनी पड़ी। बताया गया कि चौक सब स्टेशन के इनकमिंग फीडर में तकनीकी खराबी के कारण हर दो मिनट पर ट्रिपिंग होती रही। लोगों के घरों में न एसी चल पाए और न ही कूलर आदि। रात दो बजे आपूर्ति बहाल हुई तो सुबह आठ बजे तक आवाजाही जारी रही। तेलीटोला के मोहम्मद जावेद ने बताया कि सारी रात बिजली आती जाती रही और सुबह जलापूर्ति भी नहीं हुई। उन्होंने बताया कि हसनू कटरा का जल निगम का पंप भी ट्रिपिंग के कारण बंद रहा।

तरंग रोड के राजीव विश्वकर्मा ने बताया कि बिजली आपूर्ति की बेहद बुरी स्थिति है। बीते एक सप्ताह से सुचारू बिजली आपूर्ति क्षेत्र में नहीं हो पाई है। शुक्रवार रात तो नर्क जैसी गुजरी। उन्होंने बताया कि शिकायत के लिए काल करो तो सब स्टेशन का फोन बिजी हो जाता है। प्रभावित इलाकों में सर्वाधिक संकट राठहवेली और अंगूरीबाग रोड के लोगों को झेलना पड़ रहा है। शनिवार सुबह भी नौ से 11 बजे तक भी कटौती कई बार हुई। चौक सब स्टेशन फोन करो तो बताया जाता है कि गर्मी है ओवरलोड के कारण ट्रिपिंग हो रहीं हैं, जबकि अधिशासी अभियंता ने गर्मी से पहले बिजली उप केन्द्रों के अनुरक्षण कार्य के लिए अभियान तक चलाया और  सभी का अनुरक्षण भी कराया गया। इसके बाद भी फीडर और ट्रांसफार्मर दगा दे रहे हैं जो अनुरक्षण पर बड़ा सवाल हैं।

नियावां विघुत उप केन्द्र की हालत खराब, ट्रिपिंग टाॅप पर 

विद्युत उपकेंद्र नियावां की सप्लाई व्यवस्था ठीक नहीं है। यहां भी अब प्रतिदिन विद्युत कटौती की जा रही है। भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। ककरही बाजार, मोची टोला, हसनू कटरा के अलावा अन्य मोहल्ले में विद्युत ‌सप्लाई न मिलने से हाहाकार मचा हुआ है। कई लोगों के घरों में बुजुर्ग लोग हैं।

हर घंटे पर विद्युत कटौती से यहां भी संकट गहरा गया है। इसके बाद भी विद्युत विभाग ध्यान नही दे रहा है। निहाल सिंह पुरा, तेली टोला निवासी सुबह से पानी के लिए तरस रहे हैं। बिजली विभाग की लापरवाही सुबह से अधिकारियों के संज्ञान में होने के बावजूद भी दोपहर तक नहीं ठीक हो पाई। 

कौशलपुरी उपकेंद्र से तीन घंटे में सात बार ट्रिपिंग

कौशलपुरी उपकेंद्र से भी ट्रिपिंग का सिलसिला जारी है। शुक्रवार की रात दस बजे के बाद बैंक काॅलोनी में तीन घंटे के अंदर सात बार ट्रिपिंग हुई। इस कारण लोगों के घरों का एसी ठीक से नहीं चल पा रहा था।  विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशाषी अभियंता प्रदीप वर्मा का कहना है कि भीषण गर्मी में बिजली का लोड बढ़ा है। व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने का कार्य किया जा रहा है। कोशिश यह है कि सभी क्षेत्रों में 24 घंटे आपूर्ति दी जाए।
 

यह भी पढ़ेः सीएम योगी ने मंत्रिपरिषद के साथ की बैठक, नहीं पहुंचे दोनों डिप्टी सीएम

 

संबंधित समाचार