शाहजहांपुर: युवक की गोली मारकर हत्या, बाइक लूटकर ले गए
मदनापुर/शाहजहांपुर, अमृत विचार: मदनापुर से बाइक से लौट रहे दो लोगों ने एक युवक को रास्ते में रोक लिया और कहा कि चित्ती गांव से पहले छोड़ देना। युवक ने दोनों अज्ञात युवकों को बैठा लिया। गांव से पहले दोनों अज्ञात युवकों ने बाइक रुकवा ली। दोनों अज्ञात युवकों ने उसके गोली मार दी। गोली मारने के बाद दोनों युवक उसकी बाइक लेकर लेकर भाग गए। घटना स्थल पर फोरेसिंक टीम पहुंची और जांच करके नमूने लिए। इधर घटना स्थल पर एसपी अशोक कुमार मीणा मौके पर पहुंचे और परिवार वालों से जानकारी की।
मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव चित्ती निवासी विश्राम सिंह का पुत्र 22 वर्षीय गोविंद सिंह शनिवार की दोपहर मदनापुर बाजार में बाइक एजेंसी पर बाइक की किश्त जमा करने के लिए गया था। वह शाम पांच बजे बाइक से मदनापुर से अपने गांव अकेले लौट रहा था। बताते है कि रास्ते में दो अज्ञात युवकों ने उसे रोका और कहा कि चित्ती गांव से पहले उतार देना। गोविंद ने दोनों को बाइक पर पीछे बैठा लिया और बाइक चलाने लगा।
चित्ती गांव से पहले दोनों युवकों ने मंदिर से कुछ दूरी पर बाइक को रुकवाया। दोनों युवक बाइक से उतरे और दो गोली मार दी। गोली मारने के बाद दोनों युवक उसकी बाइक लेकर भाग गए। राहगीरों ने देखा कि वह खून से लथपथ मौके पर पड़ा था। इधर सूचना मिलने पर घायल गोविंद सिंह के पिता विश्राम परिवार के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
परिवार वाले घायल को लेकर मेडिकल कालेज लेकर आए। डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर एसओ अश्वनी कुमार मौके पर पहुंचे और जानकारी करने के बाद पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। एसपी अशोक कुमार मीणा, एसपी सिटी संजय कुमार, सीओ सदर अमित चौरसिया मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिवार वालों से जानकारी की। परिवार वालों ने कहा कि गांव में उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है और उसको क्यों मारा, कोई जानकारी नहीं है। फोरेसिंक टीम ने मौके पर जांच करके नमूना लिए। एसओ अश्वनी कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
दो युवक बाइक पर थे
मंदिर के पास प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि गोविंद की बाइक पर दो युवकों को बैठे देखा था। दोनों युवक पीछे बैठे हुए थे। दोनों युवकों ने बाइक रुकवाने के बाद उसके दो गोली मार दी और बाइक लेकर भाग गए। उसकी जेब में मोबाइल तथा कुछ रुपये मिले है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि अज्ञात युवकों ने बाइक लूटने के इरादे से उसकी गोली मारकर हत्या की है। जबकि मृतक के पिता विश्राम का कहना है कि उसकी गांव में किसी से रंजिश नहीं है। उनका कहना है कि गोली कहीं मारी है और लाकर मंदिर के पास डाल दिया है।
मां-बाप का था इकलौता बेटा
विश्राम का गोविंद इकलौता बेटा था। उसकी सात बहनें है। चार बहनों की शादी हो गयी है। वह अपने पिता के साथ खेती में हाथ बटाता था। उसकी गांव में किसी से रंजश नहीं थी। उसकी मां का नाम मायावती है। इकलौते बेटे की मौत से उसकी मां तथा बहनों का रो-रोकर बुराहाल था। उसकी मां रो-रोकर कह रही थी कि बाइक लूटकर ले जाते। लेकिन बेटे को गोली क्यों मार दी, उसने उन लोगों का क्या बिगाड़ा था। परिवार वालों का रो-रोकर बुराहाल है।
चित्ती गांव के बाहर गोविंद की गोली मारकर हत्या कर दी है। मौके पर खून मिला है। वह शाम को मदनापुर से बाइक से लौट रहा था। उसकी बाइक ले गए है। हत्यारोपी उसकी बाइक पर बैठकर आए या रोककर गोली मारी है। इस मामले की जांच की जा रही है। घटना के खुलासे के लिए एसओजी तथा थाने की दो टीमों को लगाया गया है। घटना का शीघ्र खुलासा हो जाएगा- अशोक कुमार मीणा एसपी।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: दिनदहाड़े सर्राफा की दुकान से चार लाख के जेवरात लूटे, व्यापारियो में दहशत
